किसान सुखवंत सिंह आत्महत्या मामले में न्यायिक जांच व एसएसपी हटाने की मांग, कांग्रेस का पुलिस मुख्यालय पर प्रदर्शन
देहरादून। उधमसिंह नगर जनपद के किसान सुखवंत सिंह आत्महत्या मामले की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय न्यायिक जांच की मांग को लेकर कांग्रेस ने आज जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने पुलिस मुख्यालय देहरादून में धरना-प्रदर्शन कर मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि इस प्रकरण में सरकार के साथ-साथ पूरा पुलिस विभाग आरोपी की भूमिका में है, लेकिन इसके बावजूद सरकार अपने चहेते अधिकारियों को बचाने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस ने किसान को न्याय दिलाने के लिए मामले की उच्च स्तरीय न्यायिक जांच कराए जाने और संबंधित एसएसपी को तत्काल प्रभाव से पद से हटाए जाने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि किसानों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
इस मौके पर जसपुर विधायक आदेश सिंह चौहान, किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़, विधायक ममता राकेश सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कांग्रेस नेताओं ने एक स्वर में कहा कि यह लड़ाई केवल एक किसान की नहीं, बल्कि प्रदेश के हर किसान के सम्मान और न्याय की लड़ाई है।
