दिन में सुहावना हो रहा नैनीताल का मौसम, सुबह-शाम पड़ रही कड़ाके की ठंड
रिपोर्ट — ललित जोशी
नैनीताल।सरोवर नगरी नैनीताल और उसके आसपास इन दिनों दिन में मौसम सुहावना होने से पर्यटकों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। वहीं सुबह और शाम कड़ाके की ठंड लोगों को ठिठुरने को मजबूर कर रही है।
शाम के समय प्रशासन द्वारा अलाव जलाने की व्यवस्था की गई है, जिससे पर्यटकों के साथ स्थानीय लोगों को भी राहत मिल रही है। प्रशासन के इस कदम से लोग आग सेककर ठंड से बचाव कर रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, जहाँ तराई क्षेत्र में घना कोहरा छाया हुआ है, वहीं नैनीताल में दिनभर गुनगुनी धूप खिली रहती है और लोग धूप का आनंद ले रहे हैं। पर्यटक नैनी झील में नौकाविहार का मज़ा ले रहे हैं और आसपास के रमणीक स्थलों का भ्रमण कर रहे हैं।
पर्यटकों की चहल-पहल से दुकानदार, होटल व्यवसायी और फुटपाथ विक्रेता भी खुश नजर आ रहे हैं। फिलहाल मौसम सामान्य है और बर्फबारी की कोई संभावना नहीं जताई गई है। बर्फ कब तक पड़ेगी, इसे लेकर मौसम विभाग ने अभी किसी प्रकार का अनुमान नहीं दिया है।
नैनीताल के साथ बाबा नीम करौली महाराज कैची धाम, भीमताल, सातताल सहित आसपास के अन्य क्षेत्रों में भी पर्यटकों की आवाजाही लगातार बनी हुई है।
