अवैध मादक पदार्थ के साथ 01 नशा तस्कर गिरफ्तार,अभियुक्त से 02 लाख रुपये से अधिक मूल्य की 07.88 ग्राम हेरोइन बरामद
देहरादून। मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि 2025” के विज़न को साकार करने के लिए एसएसपी देहरादून द्वारा सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में जनपद में लगातार नशा विरोधी अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत थाना सहसपुर पुलिस को 10 दिसंबर 2025 को चैकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पौंधा नदी की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर एक व्यक्ति नशे की तस्करी के उद्देश्य से गुजर रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने संदिग्ध स्कूटी संख्या UK-07-FE-9835 को रोककर तलाशी ली, जिसमें स्कूटी सवार इनाम अली के पास से 07.88 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया और तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी को भी सीज कर लिया।
पूछताछ में इनाम अली ने बताया कि वह सहसपुर का निवासी है और जल्दी पैसा कमाने के लालच में नशे के कारोबार में शामिल हुआ। उसने यह हेरोइन ढकरानी, विकासनगर निवासी सद्दाम नाम के व्यक्ति से सस्ते दाम में खरीदी थी, जिसे वह स्थानीय नशेड़ियों को महंगे दामों में बेचने की कोशिश में था। उससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया। अभियुक्त ने यह भी स्वीकार किया कि वह पहले भी नशे की तस्करी के मामले में जेल जा चुका है।
पुलिस ने पूछताछ के आधार पर वांछित अभियुक्त सद्दाम की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। गिरफ्तार इनाम अली के विरुद्ध थाना सहसपुर में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि नशा मुक्ति अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए ऐसी कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी।

