उत्तरकाशी ।ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन के तहत उत्तरकाशी पुलिस ने अवैध नशे के कारोबारियों पर शिकंजा कसते हुए कुख्यात नशा तस्कर मेराज उर्फ मेहराज को देहरादून से गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी, श्रीमती सरिता डोबाल के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई, जिसमें पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट, श्री देवेंद्र सिंह नेगी के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष बड़कोट, श्री दीपक कठैत के नेतृत्व में मेराज को 30 मार्च 2025 को उसके घर, खुशहालपुर, थाना सहसपुर, देहरादून से गिरफ्तार किया गया। मेराज लंबे समय से स्मैक और अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त रही है, और इसके खिलाफ देहरादून में गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, जनवरी 2025 में बड़कोट पुलिस ने सीकू उर्फ सिकंदर नामक तस्कर को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया था, जिसके बाद जांच में मेराज का नाम सामने आया। मेराज, जिसे यमुना घाटी और देहरादून में “भाभी” के नाम से जाना जाता है, नवयुवकों को स्मैक सप्लाई करती थी और इसके बदले भारी रकम वसूलती थी। पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 8/21/27(A)/29 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर साक्ष्य जुटाने के बाद दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया।
मेराज का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है, जिसमें NDPS एक्ट, गुंडा एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उसके अन्य सहयोगियों की भी जांच कर रही है। बड़कोट पुलिस की इस कार्रवाई को ड्रग्स माफिया के खिलाफ एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

