धार्मिक और योग नगरी लक्ष्मणझूला में अब सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान की नहीं चलेगी खैर
पौड़ी। पुलिस ने स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ मिलकर लक्ष्मणझूला क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। क्षेत्र के आमजनों, होटल और कैफे संचालकों के साथ बैठक कर उन्हें धूम्रपान के दुष्प्रभावों के बारे में अवगत कराया गया।
लक्ष्मणझूला क्षेत्र में लगातार धूम्रपान की शिकायतें मिल रही थीं, जिससे न केवल स्वास्थ्य पर प्रभाव पड़ रहा था, बल्कि लोगों की धार्मिक भावनाएं भी आहत हो रही थीं। इस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी श्री लोकेश्वर सिंह ने क्षेत्रीय पुलिस अधिकारियों को स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर लोगों को जागरूक करने और सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए।
सार्वजनिक स्थानों जैसे गंगा घाटों, धर्मशालाओं, होटल, और कैफे आदि में धूम्रपान निषेध करने के लिए विशेष कदम उठाए जा रहे हैं। इसके तहत कोटपा एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
पौड़ी पुलिस ने गंगा की पवित्रता बनाए रखने और धार्मिक स्थलों की मर्यादा की रक्षा के लिए आमजन और पर्यटकों से अपील की है कि वे इन नियमों का पालन करें।
