दून विश्वविद्यालय में आयोजित हुआ एक दिवसीय नाट्य समारोह, दो नाटकों का मंचन
देहरादून।रंगमंच विभाग, दून विश्वविद्यालय द्वारा 2 अप्रैल, 2025 को एक दिवसीय नाट्य समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दो प्रमुख नाटकों का मंचन किया गया। पहला नाटक “ट्रोजन वुमेन”, जो यूरिपिडीस द्वारा लिखित एक प्रसिद्ध ग्रीक त्रासदी है, का मंचन किया गया। यह नाटक ट्रोजन युद्ध के बाद के भयावह परिणामों और वहां की महिलाओं की पीड़ा को दर्शाता है। इस नाटक का निर्देशन डॉ. अजीत पंवार ने किया और इसे छात्रों द्वारा प्रस्तुत किया गया।
नाटक के मुख्य पात्रों में ट्रॉय की रानी हेकुबा, कैसांद्रा, एंड्रोमाके और हेलन थीं, जो युद्ध के बाद विजयी यूनानियों के हाथों अपमान और पीड़ा सहने को मजबूर होती हैं। सुरेखा डंगवाल, कुलपति दून विश्वविद्यालय ने इस नाटक की प्रस्तुति की सराहना की और बताया कि वह इस गहन और चुनौतीपूर्ण नाटक के चयन से हैरान थीं, क्योंकि यह छात्रों द्वारा किया गया था।
रंगमंच विभाग के संयोजक प्रो. एच. सी. पुरोहित ने बताया कि यह नाटक उनके पाठ्यक्रम का हिस्सा है और छात्रों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस नाटक में अनन्य डोभाल (हेलेन), स्वाति गोस्वामी (कोरस दो), साक्षी देवरानी (कोरस तीन), और अन्य छात्रों ने प्रमुख भूमिकाएं निभाईं।
समारोह में दूसरा नाटक “सैंया भये कोतवाल” का मंचन किया गया, जिसे ऊषा बनर्जी ने हिंदी में अनुवादित किया है और कैलाश कांडवाल ने निर्देशित किया। यह नाटक सूरजपुर राज्य के एक राजा की कहानी पर आधारित था, जो अपनी लापरवाही के कारण दरबारियों के षड्यंत्र का शिकार हो जाता है।
समारोह में कुल सचिव दुर्गेश डिमरी, डॉ. चेतना पोखरियाल, प्रो. हर्ष डोभाल, डॉ. नरेंद्र रावल, श्रीश डोभाल, डॉ. विपुल गोस्वामी और अन्य संकाय सदस्य उपस्थित थे।

