राज्य स्थापना दिवस पर राज्यपाल ने ली रैतिक परेड की सलामी, उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिस अधिकारियों को किया सम्मानित
देहरादून।उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर देहरादून के पुलिस लाइन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाग लिया। राज्यपाल ने इस मौके पर रैतिक परेड का निरीक्षण कर सलामी ली और विशिष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित पुलिस अधिकारियों को ‘राष्ट्रपति पुलिस पदक’ और ‘पुलिस पदक’ से सम्मानित किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने वीडियो संदेश के माध्यम से प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं, और राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने “संकल्प सतत विकास का” पत्रिका और “उत्तराखण्ड पुलिस पत्रिका-2024” का विमोचन किया। इस अवसर पर उत्तराखण्ड गौरव सम्मान 2024 के तहत चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान, लोक गायक प्रीतम भर्तवाण, समाज सुधारक माता मंगला, अभिनेता हेमंत पांडेय और चिकित्सक डॉ. महेश कुड़ियाल को सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में राज्यपाल ने राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए राज्य के युवाओं को नशे और ड्रग्स से दूर रखने का आह्वान किया। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से “ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड” की पहल में योगदान देने का आग्रह किया ताकि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित किया जा सके।
राज्यपाल ने राज्य में हो रहे बदलावों की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड अब सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में तेजी से विकास कर रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री के नौ आग्रहों को “नौ संकल्प” मानते हुए राज्य में इनका अनुपालन सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता जताई।
उन्होंने राज्य की तरक्की का मंत्र कृषि, बागवानी, पर्यटन, और योग जैसे क्षेत्रों में देखा और कहा कि होम स्टे योजना राज्य के पर्यटन में क्रांति ला रही है। सीमावर्ती क्षेत्रों में “वाइब्रेंट विलेज योजना” के तहत 51 गांवों का विकास किया जा रहा है, जिससे रिवर्स पलायन को प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने उत्तराखण्ड के दुर्गम क्षेत्रों में सुविधाएं बढ़ाने के लिए तकनीकी विकास पर जोर दिया और सड़क दुर्घटनाओं से सबक लेकर कदम उठाने की आवश्यकता पर बल दिया।
राज्य स्थापना के 24 वर्ष पूरे होने पर उन्होंने प्रदेश को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का संकल्प दोहराया। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।


