HTML tutorial
HTML tutorial

भैयादूज पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बंद हुए श्री यमुनोत्री धाम के कपाट, मां यमुना की डोली खरसाली रवाना

भैयादूज पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बंद हुए श्री यमुनोत्री धाम के कपाट, मां यमुना की डोली खरसाली रवाना
Spread the love

उत्तरकाशी। भैयादूज के पावन पर्व पर वैदिक मंत्रोच्चार, धार्मिक विधि-विधान एवं श्रद्धालुओं के जयकारों के बीच विश्व प्रसिद्ध श्री यमुनोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के साथ ही मां यमुना की उत्सव डोली शीतकालीन प्रवास के लिए खरसाली स्थित मुखीमठ रवाना हो गई।

कपाट बंद होने के अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना एवं वैदिक अनुष्ठान सम्पन्न किए गए। धार्मिक परम्पराओं के अनुसार कपाट बंद होने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मां यमुना की उत्सव डोली को विधि-विधान के साथ धाम से विदा किया गया। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर मां यमुना के जयकारों से गुंजायमान रहा।

श्रद्धालुओं ने भावुक मन से मां यमुना की डोली को विदाई दी। अब आगामी छह माह तक मां यमुना की पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान उनके शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली स्थित मुखीमठ में सम्पन्न होंगे। श्रद्धालु इस अवधि में खरसाली पहुंचकर मां यमुना के दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर सकेंगे।

श्री यमुनोत्री धाम के कपाट बंद होने के साथ ही शीतकाल के लिए धाम में धार्मिक गतिविधियों पर विराम लग गया है। आगामी वर्ष ग्रीष्मकाल में कपाट पुनः खुलने के साथ ही यमुनोत्री धाम की यात्रा का शुभारम्भ होगा।

देवभूमि खबर

Related articles