वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शीतकाल के लिए बंद हुए श्री केदारनाथ धाम के कपाट, बाबा केदार की डोली ऊखीमठ रवाना

रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग श्री केदारनाथ धाम के कपाट आज प्रातः 08:30 बजे पूर्ण वैदिक मंत्रोच्चार, विधि-विधान एवं धार्मिक परम्पराओं के अनुसार शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की श्री केदारनाथ धाम यात्रा का विधिवत समापन हो गया। इसके पश्चात भगवान श्री केदारनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ के लिए रवाना हुई।
कपाट बंद होने की धार्मिक प्रक्रिया तड़के प्रातः 04:00 बजे से विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठानों के साथ प्रारम्भ हुई। निर्धारित परम्पराओं के अनुसार सभी वैदिक अनुष्ठान सम्पन्न कराने के बाद शुभ मुहूर्त में प्रातः 08:30 बजे मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इस दौरान पूरा केदारनाथ धाम बाबा केदार के जयकारों से गुंजायमान रहा और वातावरण भक्तिमय हो उठा।
इस पावन अवसर पर बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर, मंदिर समिति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोहन सिंह रागड़, पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी अवनी तिवारी, चौकी प्रभारी केदारनाथ मुकेश डिमरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, तीर्थ पुरोहित, हक-हकूकधारी एवं देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
कपाट बंद होने के पश्चात भगवान केदारनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली ने मंदिर परिसर की परिक्रमा की और शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ के लिए प्रस्थान किया। बाबा की डोली को विदाई देते समय श्रद्धालु भावुक नजर आए। श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ बाबा केदार को विदाई दी। इस दौरान बड़ी संख्या में भक्त डोली के साथ धाम से रवाना हुए।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बाबा केदार की डोली का प्रथम रात्रि प्रवास 11 नवंबर को रामपुर में होगा। 12 नवंबर को डोली गुप्तकाशी पहुंचेगी तथा 13 नवंबर को शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ पहुंचेगी। यहां धार्मिक परम्पराओं एवं विधि-विधान के साथ भगवान केदारनाथ की शीतकालीन पूजा-अर्चना प्रारम्भ होगी।
अगले छह माह तक बाबा केदार की पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में सम्पन्न होंगे। इस दौरान श्रद्धालु शीतकालीन गद्दीस्थल पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर सकेंगे। अब आगामी वर्ष 2027 में ग्रीष्मकाल के दौरान श्री केदारनाथ धाम के कपाट पुनः खुलने के साथ ही यात्रा का शुभारम्भ होगा।


