दून विश्वविद्यालय में एक वर्षीय पीजी कोर्स शुरू, 27 अप्रैल से 31 मई किए जा सकेंगे आवेदन

दून विश्वविद्यालय में एक वर्षीय पीजी कोर्स शुरू, 27 अप्रैल से 31 मई किए जा सकेंगे आवेदन
Spread the love

देहरादून।दून विश्वविद्यालय, देहरादून। दून विश्वविद्यालय की प्रवेश समिति की बैठक कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में तय किया गया कि प्रवेश सूचना 15 अप्रैल को जारी की जाएगी, जबकि ऑनलाइन आवेदन 27 अप्रैल से 31 मई तक किए जा सकेंगे। प्रवेश परीक्षा 18 जून को कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (सीबीटी) मोड में आयोजित होगी।

बैठक में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत एक वर्षीय स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम शुरू करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। अब स्नातक के चौथे वर्ष के बाद विद्यार्थी सीधे एक वर्षीय पीजी कोर्स में प्रवेश ले सकेंगे, जिससे उच्च शिक्षा में लचीलापन और अवसर बढ़ेंगे।

प्रवेश समिति ने सत्र 2026-27 के लिए प्रोस्पेक्टस और अकादमिक कैलेंडर को भी स्वीकृति दी। कैलेंडर में प्रवेश, पंजीकरण, शुल्क जमा, इंडक्शन कार्यक्रम, अभिभावक संवाद, खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियां, छात्र परिषद चुनाव और परीक्षाओं की समय-सारणी निर्धारित की गई है।
बैठक का संचालन अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. एचसी पुरोहित ने किया, जबकि कुलसचिव दुर्गेश डिमरी सहित विभिन्न संकायों के डीन, प्रोफेसर और विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles