डिजिटल अरेस्ट” कर ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह का पौड़ी पुलिस ने किया भंडाफोड़,पुलिस टीम को एसएसपी पौड़ी ने दिया ₹5,000 का ईनाम

डिजिटल अरेस्ट” कर ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह का पौड़ी पुलिस ने किया भंडाफोड़,पुलिस टीम को एसएसपी पौड़ी ने दिया ₹5,000 का ईनाम
Spread the love

पौड़ी। पौड़ी पुलिस ने “डिजिटल अरेस्ट” के नाम पर लोगों को ठगने वाले एक साइबर ठग गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस गैंग के एक सक्रिय सदस्य को जयपुर (राजस्थान) से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने कोटद्वार की एक महिला से ₹10 लाख की ऑनलाइन ठगी की थी।

घटना दिनांक 13 अगस्त 2025 की है, जब वादिनी मजूँ बाला, निवासी सिताबपुर, कोटद्वार ने कोतवाली कोटद्वार में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, दिनांक 08 जुलाई 2025 को उनके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात व्यक्ति का व्हाट्सएप कॉल आया, जिसने खुद को “अभिषेक शेख” निवासी कोलाबा, मुंबई बताते हुए “एयरटेल कस्टमर सर्विस” का अधिकारी कहा। कॉल करने वाले ने वादिनी को बताया कि उनके आधार कार्ड से अवैध गतिविधियाँ जुड़ी हैं और उनके खिलाफ कॉल बॉम्बिंग से संबंधित मुकदमा दर्ज है, जिसे वह ऑनलाइन समाप्त करा सकता है, पर इसके लिए बैंक खातों की जांच आवश्यक है।

ठग की बातों में आकर पीड़िता ने अपनी ₹10 लाख की फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) तोड़कर रकम यूनियन बैंक, कोटद्वार से आरोपी द्वारा बताए गए खाते संख्या 095427000000162 में ट्रांसफर कर दी। कुछ दिनों तक आरोपी महिला को झूठे आश्वासन देता रहा, लेकिन जब संपर्क टूट गया तो पीड़िता को ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। इस पर कोतवाली कोटद्वार में मु0अ0सं0-202/2025, धारा 318(4) BNS के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी श्री सर्वेश पंवार ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। उनके निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार श्री चन्द्रमोहन सिंह, क्षेत्राधिकारी श्रीमती निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोटद्वार के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम एवं साइबर सर्विलांस टीम गठित की गई।

टीम ने तकनीकी विश्लेषण, कॉल डिटेल्स, बैंक ट्रांजैक्शन और डिजिटल लोकेशन सर्विलांस के माध्यम से लगातार कई दिनों तक जांच की। साइबर सेल और पुलिस टीम के संयुक्त प्रयासों से यह तथ्य सामने आया कि यह “डिजिटल अरेस्ट” के नाम पर देशभर में सक्रिय एक संगठित साइबर ठगी गिरोह है। जांच में तनवीर अय्यूब अतार (उम्र 50 वर्ष), निवासी सर्वोदय पथरी पुल, महाराष्ट्र की संलिप्तता सामने आई।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त तनवीर अय्यूब अतार को जयपुर (राजस्थान) से गिरफ्तार किया। अभियुक्त को न्यायालय में पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी श्री सर्वेश पंवार ने ठगी का खुलासा करने और आरोपी की गिरफ्तारी में उत्कृष्ट कार्य करने वाली टीम को ₹5,000 का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की।

देवभूमि खबर

Related articles