देहरादून में वीवीआईपी कार्यक्रम को लेकर पुलिस अलर्ट ,ADG वी. मुरुगेशन, IG राजीव स्वरूप व आईजी सुनील कुमार मीणा ने दी ब्रीफिंग
देहरादून। 14 अप्रैल को प्रस्तावित वीवीआईपी कार्यक्रम के मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में पुलिस लाइन देहरादून में उच्चाधिकारियों द्वारा सुरक्षा में तैनात पुलिस बल की व्यापक ब्रीफिंग की गई। ब्रीफिंग में अधिकारियों को त्रुटिरहित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए गए।
अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था वी. मुरुगेशन, आईजी गढ़वाल रेंज राजीव स्वरूप, आईजी लॉ एंड ऑर्डर सुनील कुमार मीणा और एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल ने पुलिस बल को ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। सभी कर्मियों को तय समय से तीन घंटे पहले ड्यूटी स्थल पर पहुंचने, पहचान पत्र और ड्यूटी कार्ड साथ रखने तथा अपने-अपने क्षेत्रों की सघन जांच करने को कहा गया।
वीवीआईपी रूट और कार्यक्रम स्थल पर संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने, हाईराइज भवनों, फ्लाईओवर और पानी की टंकियों की बीडीएस व डॉग स्क्वॉड से जांच कराने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम स्थल में केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही सघन चेकिंग के बाद प्रवेश देने की बात कही गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में ड्रोन का संचालन पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही रोड शो और जनसभा के दौरान भीड़ प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था और यातायात संचालन को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
सुरक्षा के दृष्टिगत पूरे कार्यक्रम क्षेत्र को 2 सुपर जोन, 6 जोन, 12 सेक्टर और 54 सब-सेक्टर में विभाजित किया गया है। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में होटल, धर्मशालाओं और सार्वजनिक स्थानों पर सघन चेकिंग और सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने चेतावनी दी कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

