पुलिस ने तीन महिला चोरों को दबोचा, चोरी का शत-प्रतिशत माल बरामद

देहरादून। ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए तीन महिला अभियुक्ताओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किया गया पूरा माल बरामद कर लिया है। गिरफ्तार महिलाओं में से दो पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुकी हैं।
पुलिस के अनुसार 18 जून 2026 को राजपुर रोड निवासी रविकांत पांडे ने कोतवाली नगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्तियों ने उनके घर का दरवाजा तोड़कर चांदी के सामान सहित अन्य कीमती वस्तुएं चोरी कर ली हैं। शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली नगर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान संदिग्धों की पहचान करते हुए पुलिस ने 21 जून को सघन चेकिंग अभियान के दौरान यूनिवर्सल पेट्रोल पंप के पास से तीन महिला अभियुक्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में महिलाओं ने बताया कि वे कूड़ा बीनने का कार्य करती हैं और जल्दी पैसा कमाने के लालच में उन्होंने चोरी की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 60 हजार रुपये मूल्य का चोरी का सामान बरामद किया है।
गिरफ्तार अभियुक्ताओं की पहचान सोनिया देवी (29 वर्ष), गुड़िया (20 वर्ष) और रीता देवी (29 वर्ष) निवासी खुड़बुड़ा मोहल्ला, देहरादून के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि गुड़िया और रीता देवी पूर्व में भी चोरी के मामलों में गिरफ्तार होकर जेल जा चुकी हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के सफल अनावरण में उपनिरीक्षक विनयता चौहान, उपनिरीक्षक ज्योति कन्याल, हेड कांस्टेबल हर्षवर्धन सहित कोतवाली नगर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

