ब्रिगेडियर मुकेश जोशी हत्याकांड में पुलिस मुठभेड़, एक बदमाश घायल, दूसरा गिरफ्तार

ब्रिगेडियर मुकेश जोशी हत्याकांड में पुलिस मुठभेड़, एक बदमाश घायल, दूसरा गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून। थाना राजपुर क्षेत्र में ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) मुकेश जोशी हत्याकांड में शामिल बदमाशों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि दूसरे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि हत्याकांड में शामिल संदिग्ध आरोपी देहरादून क्षेत्र में मौजूद हैं। इसके बाद राजपुर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। गुनियाल गांव के पास पुलिस को दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए, जो पुलिस वाहन देखकर भागने लगे। पीछा करने पर एक आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया गया, जबकि दूसरे आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। मौके से पुलिस ने एक पिस्टल, खोखा कारतूस और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान शान्तनु त्यागी (21 वर्ष), निवासी सहारनपुर (उ.प्र.) के रूप में हुई है, जबकि मुठभेड़ में घायल अभियुक्त काविश हुसैन त्यागी (22 वर्ष), निवासी मुजफ्फरनगर (उ.प्र.) है। दोनों आरोपी इस हत्याकांड में वांछित चल रहे थे।

गौरतलब है कि 30 मार्च 2026 को जोहड़ी गांव में मॉर्निंग वॉक के दौरान 74 वर्षीय मुकेश कुमार जोशी को फायरिंग में गोली लग गई थी, जिनकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी। इस मामले में पुलिस पूर्व में 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

घटना की सूचना पर एसएसपी देहरादून ने मौके का निरीक्षण कर अधिकारियों से जानकारी ली। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के मामले के साथ ही पुलिस पर जानलेवा हमला करने की धाराओं में भी मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

देवभूमि खबर

Related articles