STF की एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स की सटीक कार्रवाई -45 लाख की हीरोइन के साथ एक तस्कर गिरफ्तार
देहरादून/उधम सिंह नगर। उत्तराखंड पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जनपद उधम सिंह नगर के थाना किच्छा क्षेत्र से करीब 45 लाख रुपये की हीरोइन के साथ एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है।
STF की एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स, कुमाऊं यूनिट, रुद्रपुर ने थाना नानकमत्ता पुलिस टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को पकड़ा। टीम ने उसके कब्जे से 151.17 ग्राम अवैध हीरोइन बरामद की है।
यह कार्रवाई मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक STF नवनीत भुल्लर के निर्देश पर की गई। उन्होंने एंटी नार्कोटिक्स कुमाऊं यूनिट को प्रदेश के सभी जनपदों में कड़ी निगरानी रखते हुए नशा तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
उक्त अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक स्वप्न किशोर सिंह, सीओ परवेज अली के निर्देशन और प्रभारी निरीक्षक STF (एंटी नार्कोटिक्स) पावन स्वरुप के नेतृत्व में टीम ने थाना नानकमत्ता क्षेत्र में स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर लालपुर इलाके में एक हीरोइन तस्कर को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 151.17 ग्राम अवैध हीरोइन बरामद हुई।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उसे यह हीरोइन नानकमत्ता निवासी प्रिंस सिंह ने दी थी। प्रिंस सिंह की मां सुरेंद्र कौर उर्फ जमुना पर पहले से ही नशा तस्करी का मुकदमा दर्ज है। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि उस पर उत्तर प्रदेश के थाना मिलक (रामपुर) और उत्तराखंड के थाना केलाखेड़ा व थाना गदरपुर में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। STF टीम को पूछताछ में अन्य कई तस्करों के नामों की जानकारी भी मिली है, जिन पर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
अभियुक्त का नाम बलदेव सिंह पुत्र रंजीत सिंह निवासी गुलाब सिंह का माजरा, थाना केलाखेड़ा, जनपद उधम सिंह नगर, उम्र 22 वर्ष बताया गया है।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने 151.17 ग्राम अवैध हीरोइन और एक मोटरसाइकिल (पल्सर) बिना नंबर प्लेट बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक STF नवनीत भुल्लर ने कहा कि नशे से दूर रहना ही समाज के हित में है। किसी भी प्रकार के लालच में आकर नशा तस्करी न करें। उन्होंने जनता से अपील की कि नशा तस्करी से संबंधित सूचना तुरंत निकटतम पुलिस स्टेशन या STF उत्तराखंड को दें। STF लगातार ड्रग्स-फ्री देवभूमि अभियान के तहत अपनी कार्रवाई जारी रखेगी।
STF संपर्क नंबर: 0135-2656202, 9412029536
STF एंटी नार्कोटिक्स टीम में निरीक्षक पावन स्वरुप, उपनिरीक्षक विपिन चंद्र जोशी, उपनिरीक्षक विनोद चंद्र जोशी, एएसआई जगवीर शरण, हेड कांस्टेबल मनमोहन सिंह, आरक्षी वीरेंद्र चौहान और आरक्षी इसरार अहमद शामिल थे।
थाना नानकमत्ता पुलिस टीम में उपनिरीक्षक हरीश कुमार और आरक्षी नीरज नेगी शामिल रहे।
