नैनीताल में पर्यटन सीजन की तैयारियां तेज, डीएम ने दिए सख्त निर्देश
रिपोर्ट: ललित जोशी।
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल व आसपास के क्षेत्रों में आगामी पर्यटन सीजन को लेकर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने व्यापार मंडल, होटल एसोसिएशन, नाव चालक, घोड़ा संचालक, गेस्ट हाउस प्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई तथा सभी विभागों को समय से व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में विभिन्न संगठनों के साथ विचार-विमर्श कर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। टैक्सी, नाव, घोड़ा संचालकों और होटल कर्मियों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य किया गया है। साथ ही अवैध होमस्टे और ठेलों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पर्यटन व्यवस्था सुरक्षित और व्यवस्थित बनी रहे।
जिलाधिकारी ने नगर पालिका नैनीताल को फास्टैग व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि देशभर में टोल प्लाजा पर फास्टैग लागू है, लेकिन नैनीताल में अभी भी मैनुअल व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए इसे शीघ्र सुधारने को कहा गया।
पर्यटन सीजन में बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए। सभी टैक्सी चालकों, नाव संचालकों, घोड़ा संचालकों और होटल कर्मियों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य होगा। बिना सत्यापन के किसी भी व्यक्ति को पर्यटन गतिविधियों में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
यातायात व्यवस्था को लेकर भी निर्देश जारी किए गए हैं। भीमताल, भवाली और कैंचीधाम क्षेत्र में ट्रैफिक सुचारु रखने, टैक्सी वाहनों में किराया सूची चस्पा करने और प्रमुख स्थानों पर किराया सूची प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही स्थानीय लोगों को यातायात संबंधी किसी भी समस्या से बचाने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने शटल सेवा के किराए निर्धारित कर सार्वजनिक स्थानों पर प्रदर्शित करने, सभी टैक्सी वाहनों में डस्टबिन अनिवार्य करने और पर्यावरण संरक्षण व झीलों की स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, पुलिस अधीक्षक क्राइम जगदीश चंद्र, पुलिस अधीक्षक संचार रेवाधर मठपाल, सचिव जिला विकास प्राधिकरण विजय नाथ शुक्ल, उपजिलाधिकारी नवाजिश खालिक, संभागीय परिवहन अधिकारी अरविन्द पाण्डे, जिला पर्यटन विकास अधिकारी अतुल भंडारी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, व्यापारी और अधिकारी उपस्थित रहे।

