HTML tutorial
HTML tutorial

कलियर पुलिस का त्वरित एक्शन: 24 घंटे में नाबालिग अपहरण कांड का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार, पीड़िता सकुशल बरामद

कलियर पुलिस का त्वरित एक्शन: 24 घंटे में नाबालिग अपहरण कांड का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार, पीड़िता सकुशल बरामद
Spread the love

हरिद्वार। पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए पिरान कलियर क्षेत्र में नाबालिग लड़की के अपहरण के मामले का महज 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया। पुलिस ने अपहृत नाबालिग को सकुशल बरामद करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के साथ-साथ पोक्सो अधिनियम की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।

पुलिस के अनुसार, 27 जून 2026 को बेड़पुर निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली पिरान कलियर में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी नाबालिग पुत्री को नितिन उर्फ रामकुमार बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने घटनास्थल और संभावित मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया। बेड़पुर, इमलीखेड़ा, कलियर, रुड़की मार्ग, बस अड्डा, रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और मैनुअल पुलिसिंग के जरिए लगातार तलाश अभियान चलाया गया।

पुलिस को मिली सटीक सूचना के आधार पर माजरी चौक, इमलीखेड़ा क्षेत्र से आरोपी नितिन उर्फ रामकुमार को गिरफ्तार कर लिया गया तथा उसके कब्जे से नाबालिग लड़की को सकुशल बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह नाबालिग को विवाह का झांसा देकर अपने साथ ले गया था।

बरामद नाबालिग को नियमानुसार जिला बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत कर संरक्षण में भेज दिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नाबालिगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

देवभूमि खबर

Related articles