पौड़ी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, नाबालिग सकुशल बरामद, दुष्कर्म के दो आरोपी गिरफ्तार

पौड़ी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, नाबालिग सकुशल बरामद, दुष्कर्म के दो आरोपी गिरफ्तार
Spread the love

पौड़ी। महिला संबंधी अपराधों पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत पौड़ी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर दुष्कर्म के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जानकारी पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक विवरण पर आधारित है।

पुलिस के अनुसार, दिनांक 01 अप्रैल 2026 को कोटद्वार निवासी द्वारा कोतवाली कोटद्वार में सूचना दी गई कि उनकी 16 वर्षीय पुत्री 31 मार्च को घर से बिना बताए चली गई है। इस पर मु0अ0सं0-76/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर व क्षेत्राधिकारी निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी कृष्णा भट्ट उर्फ कान्हा (18 वर्ष) निवासी कोटद्वार तथा विमल रावत उर्फ हन्नी (21 वर्ष) निवासी बिजनौर को लंगासू, जनपद चमोली से गिरफ्तार किया। साथ ही नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसे कोटद्वार के एक होटल में ले जाकर नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया गया। इसके आधार पर मामले में धारा 70(2) बीएनएस एवं 3/4/5(जी)/6 पॉक्सो एक्ट की धाराएं जोड़ी गई हैं।

दोनों अभियुक्तों को न्यायालय में प्रस्तुत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक वेद प्रकाश, महिला उपनिरीक्षक दीपिका बिष्ट, आरक्षी चन्द्रपाल एवं होमगार्ड कुलदीप शामिल रहे।

पौड़ी पुलिस ने दोहराया है कि महिला अपराधों के मामलों में सख्त और त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।

देवभूमि खबर

Related articles