राहुल गांधी की पाटीदार समाज की बीजेपी से नाराजगी भुनाने की पूरी कोशिश
गुजरात चुनाव नजदीक है. इस दौरान देश की दोनों बड़ी पार्टियां कांग्रेस और बीजेपी यहां अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी कोशिश कर रही हैं. इसी बीच कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी नवसर्जन गुजरात यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गढ़ मेहसाणा पहुंचे. यहां उन्होंने पाटीदार समाज की बीजेपी से नाराजगी भुनाने की पूरी कोशिश की.
मेहसाणा पहुंचकर राहुल ने सबसे पहले सरदार पटेल की प्रतिमा को हार पहनाया. उन्होंने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, ‘मोदी जी भ्रष्टाचार की बात करते हैं. मैं सूरत गया, व्यापारियों से बात की. व्यापारियों ने कहा कि पुलिसवाले उन्हें परेशान करते हैं.’
उन्होंने आगे कहा, ‘मैंने मोदी जी के केंद्रीय मंत्री से पूछा कि चीन 50 हजार युवाओं को रोजगार देता है. हम कितने युवाओं को रोजगार देते हैं तो केंद्रीय मंत्री ने बोला कि स्टार्टअप और मेक इन इंडिया के बाद हम 24 घंटे में 450 युवाओं को रोजगार देते हैं. हर जगह मेड इन चाइना रहता है. मैं मेड इन इंडिया, मेड इन गुजरात, मेड इन मेहसाणा लिखा देखना चाहता हूं. आपको पीएम के मन की बात सुनने की आदत हो गई है. हम आपकी ये आदत बदल देंगे. हम अपने मन की बात नहीं आपके मन की बात पूछेंगे.’
इसके बाद राहुल ने मेहसाणा में रोड शो भी किया. यहां उन्होंने लोगों से हाथ मिलाया. इस दौरान एक व्यक्ति के हाथ से राहुल ने पाटीदार लिखी हुई टोपी पहनी.

