बद्रीनाथ धाम यात्रा में सेवा दे रहे “खाकी के असली हीरो” सम्मानित, एसपी चमोली और सीडीओ ने बढ़ाया जवानों का उत्साह
चमोली। विश्व प्रसिद्ध श्री बद्रीनाथ धाम यात्रा में उमड़ रहे श्रद्धालुओं के महासैलाब के बीच दिन-रात सेवा में जुटे पुलिस एवं पीआरडी जवानों को सम्मानित किया गया।
एसपी सुरजीत सिंह पँवार एवं सीडीओ अभिषेक त्रिपाठी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र तथा पीआरडी जवानों को नकद पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया।
23 अप्रैल से प्रारंभ हुई श्री बद्रीनाथ धाम यात्रा में प्रतिदिन देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु भगवान बदरी विशाल के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। भारी भीड़ और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच चमोली पुलिस के जवान पूरी निष्ठा, धैर्य और समर्पण के साथ यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा अनुभव कराने में जुटे हुए हैं।
धाम में दर्शन कतारों को व्यवस्थित करने, वृद्ध एवं असहाय श्रद्धालुओं की सहायता करने, खोया-पाया केंद्र के संचालन और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में पुलिस लगातार अहम भूमिका निभा रही है।
कपाट खुलने से अब तक पुलिस की विभिन्न इकाइयों ने लगभग 22 लाख रुपये कीमत के 55 मोबाइल फोन, 2.50 लाख रुपये की नगदी, करीब 2 लाख रुपये का सोने का मंगलसूत्र तथा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद कर उनके स्वामियों को सुरक्षित लौटाए हैं। इसके अलावा भीड़ में बिछड़े 48 लोगों को उनके परिजनों से मिलाने में भी पुलिस ने सराहनीय कार्य किया है।
एसपी चमोली ने कहा कि चारधाम यात्रा केवल ड्यूटी नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मानवता, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ किया गया कार्य वास्तव में प्रशंसनीय है। यात्रियों की सुरक्षित और सुखद यात्रा ही पुलिस की सबसे बड़ी उपलब्धि है।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि प्रशासन और पुलिस के बेहतर समन्वय से ही इतनी बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और भारी भीड़ के बावजूद जवानों का धैर्य, सतर्कता और सेवा भाव व्यवस्था को मजबूत बना रहा है।
इस दौरान भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के असिस्टेंट कमांडेंट योगेश्वर जोशी, पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट, पुलिस उपाधीक्षक होशियार पंखोली, पुलिस उपाधीक्षक भावना केंथोला सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

