रोटरी क्लब मसूरी ने आईटीबीपी जवानों को भेंट किए दीपावली के मिठाई के डिब्बे
मसूरी।दीपावली के पावन अवसर पर रोटरी क्लब मसूरी ने अपने “प्रोजेक्ट 500 – दिवाली स्वीट बॉक्स वितरण” अभियान के तहत आईटीबीपी, मसूरी के वीर जवानों को मिठाई के डिब्बे भेंट किए और उन्हें दीपावली की शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम आईटीबीपी परिसर में आयोजित किया गया, जिसमें डीआईजी (एडमिन) निशित चंद्रव, कमांडेंट (एडमिन) अविनाश सिंह एवं इंस्पेक्टर (जीडी) जसवंत सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। रोटरी क्लब मसूरी की ओर से प्रेसिडेंट रोटेरियन दीपक अग्रवाल, डायरेक्टर रोटेरियन रजत अग्रवाल, पास्ट प्रेसिडेंट रोटेरियन मनोरंजन त्रिपाठी, पास्ट प्रेसिडेंट रोटेरियन शैलेन्द्र करनवाल, रोटेरियन शिवम, रोटेरियन मयूर गर्ग एवं सेक्रेटरी रोटेरियन योगिता गोयल ने कार्यक्रम में भाग लिया।
इस अवसर पर कुल 504 मिठाई के डिब्बे आईटीबीपी के अधिकारियों एवं जवानों को वितरित किए गए। रोटरी क्लब मसूरी के अध्यक्ष रोटेरियन दीपक अग्रवाल ने कहा कि “हम आईटीबीपी के अदम्य साहस और सेवा भाव को नमन करते हैं। देश की सुरक्षा में इनके योगदान के लिए हम हृदय से आभारी हैं। आईटीबीपी सदैव मसूरी के साथ खड़ी रही है और हर कठिन परिस्थिति में स्थानीय नागरिकों की सहायता करती रही है।”
कार्यक्रम का समापन दीपावली की हार्दिक शुभकामनाओं और देशभक्ति के गीतों के साथ हुआ।

