रुद्रप्रयाग पुलिस का सघन संध्याकालीन चेकिंग अभियान, नशा तस्करों और यातायात नियम तोड़ने वालों पर कसा शिकंजा

रुद्रप्रयाग। जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने और नशा तस्करी पर प्रभावी कार्रवाई के उद्देश्य से रुद्रप्रयाग पुलिस ने मंगलवार को जनपदभर में सघन संध्याकालीन चेकिंग अभियान चलाया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर के निर्देशन तथा पुलिस उपाधीक्षक विकास पुण्डीर और वेद प्रकाश भट्ट के पर्यवेक्षण में एक साथ पूरे जिले में संचालित किया गया।
अभियान के दौरान कोतवाली रुद्रप्रयाग, अगस्त्यमुनि, ऊखीमठ, गुप्तकाशी और सोनप्रयाग की पुलिस टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों, ढाबों, होटलों तथा अंतरजनपदीय बैरियरों पर सघन तलाशी लेते हुए नशे और अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसने की कार्रवाई की।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी पुलिस ने सख्त रुख अपनाया। तेज रफ्तार, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, स्टंटबाजी और शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किए गए, जबकि गंभीर उल्लंघन करने वाले कई वाहनों को सीज भी किया गया।
शाम के समय प्रमुख बाजारों, बस अड्डों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की पैदल गश्त और बढ़ी हुई मौजूदगी से सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत नजर आई। पुलिस ने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और तीर्थयात्रियों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले, नशा तस्करों और यातायात नियम तोड़ने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा।

