ऑपरेशन प्रहार में रुद्रप्रयाग पुलिस का कड़ा प्रहार, 11 पेटी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार

ऑपरेशन प्रहार में रुद्रप्रयाग पुलिस का कड़ा प्रहार, 11 पेटी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार
Spread the love

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा से पूर्व नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के तहत “ऑपरेशन प्रहार” में रुद्रप्रयाग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसओजी टीम ने एक व्यक्ति को 11 पेटी अवैध शराब के साथ गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

मुख्यमंत्री के निर्देशों के तहत चारधाम यात्रा की पवित्रता बनाए रखने और नशा तस्करी पर रोक लगाने के लिए जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर के निर्देश पर सभी थाना प्रभारियों और एसओजी को सक्रिय रहते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

इसी क्रम में 3/4 अप्रैल की मध्य रात्रि एसओजी टीम ने चेकिंग के दौरान एक सेंट्रो कार (UA07F4817) को रोका। तलाशी लेने पर वाहन से विभिन्न ब्रांड की कुल 11 पेटी शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके से आरोपी अशोक कुमार तिवारी, निवासी ग्राम पठाली, थाना ऊखीमठ को गिरफ्तार कर लिया।

बरामद शराब में मैकडॉवेल, सोलमेट और रॉयल ग्रीन ब्रांड शामिल हैं। आरोपी के खिलाफ कोतवाली ऊखीमठ में आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी सीज कर दिया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी वर्ष 2019-20 और 2023 में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज हैं।

कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक रणजीत खनेड़ा सहित आरक्षी देवेंद्र सिंह, विनय कुमार और रविंद्र सिंह शामिल रहे।

रुद्रप्रयाग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चारधाम यात्रा के दौरान अवैध गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

देवभूमि खबर

Related articles