HTML tutorial
HTML tutorial

रुद्रपुर जिला अस्पताल हत्याकांड का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में मुख्य आरोपी गिरफ्तार

रुद्रपुर जिला अस्पताल हत्याकांड का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में मुख्य आरोपी गिरफ्तार
Spread the love

रुद्रपुर। जिला चिकित्सालय रुद्रपुर में हुए हत्याकांड के मामले में ऊधम सिंह नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के महज 12 घंटे के भीतर मुख्य अभियुक्त विकास कुमार को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में अब तक कुल तीन अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर 2026 की सुबह जगतपुरा, ट्रांजिट कैम्प स्थित प्रजापति टेलीकॉम और राज टेलीकॉम के संचालकों के बीच विवाद के बाद मारपीट हुई थी। इसी विवाद के चलते जिला चिकित्सालय रुद्रपुर परिसर में दोनों पक्षों के बीच दोबारा मारपीट हो गई। इस दौरान नितेश उर्फ राज जौहरी के सीने पर किसी नुकीली वस्तु से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

मामले में वादी दिनेश जौहरी की तहरीर के आधार पर कोतवाली पंतनगर में मुकदमा संख्या 231/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 115(2), 118(1), 190, 191(1) एवं 351(3) में अभियोग पंजीकृत किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल पुलिस टीमों को आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर आरएफएसएल एवं फील्ड यूनिट से वैज्ञानिक निरीक्षण कराया तथा आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। इसके साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगालने, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई। मृतक के शव का नियमानुसार पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया।

पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले आकाश कुमार और विनोद कुमार को गिरफ्तार किया। इसके बाद मुख्य अभियुक्त विकास कुमार को थाना पुलभट्टा क्षेत्र में हुई पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार अभियुक्तों में विकास कुमार पुत्र विनोद कुमार, आकाश कुमार पुत्र विनोद कुमार तथा विनोद कुमार पुत्र स्वर्गीय रामावतार, तीनों निवासी जगतपुरा, ट्रांजिट कैम्प, रुद्रपुर शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, हत्याकांड में संलिप्त अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए भी टीमें गठित की गई हैं। थाना पुलभट्टा, दिनेशपुर और एसओजी रुद्रपुर की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। एसएसपी अजय गणपति ने मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं।

देवभूमि खबर

Related articles