HTML tutorial
HTML tutorial

फर्जी प्रमाणपत्रों से असिस्टेंट प्रोफेसर की नौकरी पाने वाला गाजियाबाद से गिरफ्तार

फर्जी प्रमाणपत्रों से असिस्टेंट प्रोफेसर की नौकरी पाने वाला गाजियाबाद से गिरफ्तार
Spread the love

                                      यमकेश्वर के राजकीय महाविद्यालय में नियुक्ति का मामला

पौड़ी। फर्जी एवं कूटरचित शैक्षणिक प्रमाणपत्रों के आधार पर सरकारी महाविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर नियुक्ति प्राप्त करने के आरोप में पौड़ी पुलिस ने डॉ. उमेश त्यागी (49) को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी 12 नवंबर 2026 को की गई। पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य जुटाने के बाद यह कार्रवाई की है। अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर 2026 को गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय, विथ्याणी, यमकेश्वर के प्राचार्य ने थाना यमकेश्वर में तहरीर देकर महाविद्यालय में कार्यरत असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. उमेश त्यागी के विरुद्ध फर्जी एवं कूटरचित प्रमाणपत्रों के आधार पर नियुक्ति प्राप्त करने के संबंध में कार्रवाई की मांग की थी। तहरीर के आधार पर थाना यमकेश्वर में मुकदमा संख्या 10/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 318(4), 336(3), 338 और 340(2) में अभियोग पंजीकृत किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार ने तत्काल संज्ञान लेते हुए निष्पक्ष एवं प्रभावी विवेचना के निर्देश दिए। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर और क्षेत्राधिकारी श्रीनगर तपेश कुमार के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष यमकेश्वर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने विवेचना के दौरान आरोपी के संबंध में जानकारी जुटाई और विभिन्न साक्ष्यों का संकलन किया। जांच में सामने आए तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने डॉ. उमेश त्यागी को 12 नवंबर को गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त डॉ. उमेश त्यागी की उम्र 49 वर्ष है। उसका पूर्व पता मुरादनगर, जनपद गाजियाबाद तथा वर्तमान पता बादलपुर, जिला गौतमबुद्धनगर (नोएडा), उत्तर प्रदेश बताया गया है।

पुलिस टीम में उपनिरीक्षक गिरिजेश त्रिपाठी, हेड कांस्टेबल लोकेश गिरि, कांस्टेबल संजीव कुमार, एएसआई अहसान अली (सीआईयू) और कांस्टेबल अवनीश राणा (सीआईयू) शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles