देहरादून। सैनिक कल्याण मंत्री Ganesh Joshi ने गुरुवार को अपने कैंप कार्यालय में सैनिक कल्याण विभाग के अधिकारियों के साथ विभागीय समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान मंत्री ने प्रदेश में सैनिक विश्राम गृहों के उच्चीकरण और जीर्णोद्धार कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री घोषणाओं के अंतर्गत संचालित सभी विकास कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए, ताकि पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
मंत्री ने प्रदेश में शहीद द्वारों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने पर भी जोर दिया। इसके साथ ही उन्होंने कोटद्वार, मसूरी और पिथौरागढ़ में प्रस्तावित विभागीय कार्यालयों एवं सैनिक विश्राम गृहों के निर्माण से जुड़ी सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण कर कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि शासन स्तर से संबंधित प्रक्रियाओं को सुनियोजित ढंग से पूरा किया जाए, जिससे योजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक देरी न हो।
बैठक में मंत्री गणेश जोशी ने मुख्यमंत्री घोषणा के तहत लैंसडाउन स्थित Garhwal Rifles के रेजीमेंट सेंटर के जीर्णोद्धार कार्यों को प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए। साथ ही देहरादून में भर्ती पूर्व प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना के लिए भी अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विदेशों में राज्य के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में आ रही विसंगतियों को जल्द दूर किया जाए, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें।
बैठक में सैनिक कल्याण सचिव युगल किशोर पंत, अपर सचिव एवं निदेशक सैनिक कल्याण श्याम सिंह, उपनल के प्रबंध निदेशक ब्रिगेडियर जेएनएस बिष्ट सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

