देहरादून में हीट वेव के चलते 27 अप्रैल को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

Spread the love

देहरादून, 26 अप्रैल 2026 – जनपद में अत्यधिक गर्मी और हीट वेव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में 27 अप्रैल (सोमवार) को एक दिन का अवकाश घोषित किया है।

जिलाधिकारी/अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जारी आदेश के अनुसार, भारत मौसम विज्ञान विभाग की चेतावनी के तहत देहरादून में भीषण गर्मी और लू की स्थिति बनी हुई है। इसके चलते विद्यार्थियों और आमजन के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि जनपद के सभी सरकारी, गैर-सरकारी एवं निजी स्कूलों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्र 27 अप्रैल को बंद रहेंगे। मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।

इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग को भी निर्देशित किया गया है कि हीट वेव के मद्देनज़र अस्पतालों में आवश्यक चिकित्सा व्यवस्था, शीतल पेयजल, दवाइयों और आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं के लिए।

प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि अत्यधिक गर्मी के दौरान सावधानी बरतें और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें।

देवभूमि खबर

Related articles