उफनती नदी के बीच टापू पर फंसे सात लोगों को एसडीआरएफ ने सकुशल बचाया, साहसिक रेस्क्यू से टली बड़ी दुर्घटना

उफनती नदी के बीच टापू पर फंसे सात लोगों को एसडीआरएफ ने सकुशल बचाया, साहसिक रेस्क्यू से टली बड़ी दुर्घटना
Spread the love

देहरादून। लगातार हो रही भारी बारिश के बीच थाना कैंट क्षेत्र स्थित संतला देवी मंदिर के समीप नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से बीच धारा में बने टापू पर फंसे सात लोगों को राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) ने साहसिक अभियान चलाकर सकुशल बचा लिया।

रविवार को सीसीआर, देहरादून से सूचना मिलने पर एसडीआरएफ पोस्ट सहस्त्रधारा से उपनिरीक्षक राजबर राणा के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ तत्काल मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर नदी का बहाव अत्यधिक तेज था और चारों ओर से पानी से घिरे सभी लोग टापू पर फंसे हुए थे, जिससे उनका स्वयं बाहर निकलना संभव नहीं था।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ ने सिविल पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया। तेज बहाव, फिसलन भरे किनारों और प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद एसडीआरएफ के जवानों ने विशेष रेस्क्यू उपकरणों की मदद से सभी फंसे लोगों तक पहुंच बनाई और उन्हें एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

एसडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई, पेशेवर दक्षता और साहसिक रेस्क्यू अभियान के चलते संभावित जनहानि टल गई और सभी सात लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया।

रेस्क्यू किए गए व्यक्तियों में मुकेश (बल्लीवाला), सुशील, प्रेम कुमार, रोशन गुप्ता, राजीव, पवन सिंह तथा सूरज साहनी (सभी निवासी सीमा द्वार) शामिल हैं। सभी को सुरक्षित निकालने के बाद राहत की सांस ली गई।

देवभूमि खबर

Related articles