SDRF ने उफनती गंगा में बह रहे कांवड़िए को साहसिक रेस्क्यू कर बचाया

SDRF ने उफनती गंगा में बह रहे कांवड़िए को साहसिक रेस्क्यू कर बचाया
Spread the love

ऋषिकेश। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा में तैनात SDRF जवानों ने एक बार फिर साहस और तत्परता का परिचय देते हुए गंगा की तेज धारा में बह रहे कांवड़िए की जान बचा ली। लक्ष्मण झूला क्षेत्र स्थित गीता भवन घाट नंबर-3 पर स्नान के दौरान पैर फिसलने से हरियाणा के झज्जर निवासी 29 वर्षीय नवीन कुमार गंगा की तेज धारा में बहने लगे।

घटना की सूचना मिलते ही कांवड़ ड्यूटी पर तैनात SDRF टीम ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए हेड कांस्टेबल राकेश रावत ने बिना समय गंवाए तेज बहाव वाली गंगा में प्रवेश किया और बह रहे कांवड़िए तक पहुंचने में सफलता हासिल की। उन्होंने नवीन कुमार को सुरक्षित पकड़कर डूबने से बचाया।

इसके बाद घाट पर मौजूद SDRF के अन्य जवानों ने रेस्क्यू उपकरणों और आपसी समन्वय की मदद से कांवड़िए को सुरक्षित नदी से बाहर निकाला। समय रहते SDRF की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।

सुरक्षित बाहर निकाले जाने के बाद नवीन कुमार और मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं ने SDRF जवानों की बहादुरी और तत्परता की सराहना करते हुए उत्तराखंड पुलिस एवं SDRF का आभार जताया।

देवभूमि खबर

Related articles