सचिवालय क्रिकेट प्रतियोगिता चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का 16 मार्च से होगी शानदार शुरुआत, तैयारियों को मिली रफ्तार
देहरादून। सचिवालय क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में आयोजित बहुप्रतीक्षित सचिवालय क्रिकेट प्रतियोगिता चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का आगाज 16 मार्च 2025 से महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज ग्राउंड में होगा। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में 14 पुरुष टीमों और 2 महिला टीमों की भागीदारी रहेगी। आयोजन को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं और इसे यादगार बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।
टूर्नामेंट की रूपरेखा तय करने के लिए 25 फरवरी 2025 को वीर चंद्र सिंह गढ़वाली भवन, सचिवालय परिसर में सचिवालय क्रिकेट क्लब के उपाध्यक्ष श्री टी.एच. खान की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सभी टीमों के कप्तानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और प्रतियोगिता को और अधिक प्रतिस्पर्धात्मक एवं रोमांचक बनाने के लिए विभिन्न सुझाव दिए।
बैठक में टूर्नामेंट के प्रारूप, नियमावली, आयोजन स्थल और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। क्लब के सचिव राजेंद्र रतूड़ी ने पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन (पीपीटी) के माध्यम से बैठक के प्रमुख एजेंडा और क्लब द्वारा अब तक किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। टीम कप्तानों ने भी अपने विचार साझा किए और इसे भव्य बनाने के लिए अहम सुझाव दिए।
इस साल टूर्नामेंट में नए नियम और नवाचार जोड़े जाएंगे, जिससे मुकाबले और अधिक रोमांचक बनेंगे। खिलाड़ियों के लिए बेहतर सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है, जिससे प्रतियोगिता का स्तर और ऊंचा होगा। चैंपियंस ट्रॉफी के लिए तैयार हो रही टीमें इस बार अधिक मजबूत नजर आ रही हैं, जिससे हर मैच हाई-वोल्टेज ड्रामा से भरपूर होने की उम्मीद है।
सचिवालय क्रिकेट क्लब की यह चैंपियंस ट्रॉफी निश्चित रूप से सचिवालय के कार्मिकों के लिए रोमांच और उमंग से भरपूर होगी। बैठक में उपस्थित सभी कप्तानों और क्लब पदाधिकारियों ने टूर्नामेंट को सफल बनाने के लिए संकल्प लिया।
बैठक में सचिवालय क्रिकेट क्लब के उपाध्यक्ष श्री टी.एच. खान, सचिव राजेंद्र रतूड़ी, संयुक्त सचिव रविंद्र सिंह, कोषाध्यक्ष अतुल कुमार सिंह, संप्रेक्षक श्री अनिल काला, कार्यकारिणी सदस्य मनोज कुमार सिंह, टिकराज सिंह, विनोद शर्मा, प्रचार सचिव मनोज भट्ट, राकेश महर, सुनील मैदोला सहित हुकुम चोहान, शुभम, रीना शाही, चंपा कोरागा, रेनू भट्ट, हितेश छेत्री, राम सिंह मेहता, प्रदीप अगरी, शैलेंद्र राणा, नरेश, सुधांशु राणा, संजय जोशी आदि उपस्थित रहे।

