वनों को आग से बचाने के लिए शीतलाखेत मॉडल आदर्श: मुख्यमंत्री
देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड में वनों को आग से बचाने के लिए शीतलाखेत मॉडल को आदर्श बताया और इसे सभी जनपदों में अपनाने की जरूरत पर बल दिया। उन्होंने कहा कि वनाग्नि नियंत्रण में स्थानीय समुदायों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है, क्योंकि किसी भी आपदा की पहली प्रतिक्रिया आमजन से ही होती है। यदि वे समय पर प्रशासन को सूचना दें और त्वरित प्रयास करें, तो वनाग्नि के खतरे को काफी हद तक रोका जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने गुरुवार को राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित मॉक ड्रिल का निरीक्षण किया। यह मॉक ड्रिल राज्य के छह सर्वाधिक प्रभावित जिलों—अल्मोड़ा, चंपावत, पौड़ी, टिहरी, उत्तरकाशी और देहरादून के 16 स्थानों पर आयोजित की गई, जिसमें स्थानीय समुदायों की सहभागिता पर विशेष ध्यान दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल एक अभ्यास नहीं, बल्कि हमारी तैयारियों को परखने और सुधारने का अवसर भी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वनाग्नि की रोकथाम के लिए जल संरक्षण के उपाय, जैसे चाल-खाल और तालाबों का निर्माण किया जाए, ताकि जमीन में नमी बनी रहे। इसके लिए जलागम विभाग से सहयोग लेने पर भी जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री ने वनाग्नि नियंत्रण में सैटेलाइट मॉनिटरिंग, ड्रोन सर्विलांस, रिमोट सेंसिंग और एआई-आधारित फायर डिटेक्शन सिस्टम जैसी आधुनिक तकनीकों के अधिकतम उपयोग के निर्देश दिए। उन्होंने भारतीय वायु सेना, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि इनके प्रयासों से वनाग्नि पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकेगा।
शीतलाखेत मॉडल को प्रभावी बनाते हुए हर साल 1 अप्रैल को “ओण दिवस” मनाया जाता है, जिसमें महिलाएं खेतों की मेड़ों पर उगी झाड़ियों को नियंत्रित रूप से जलाती हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में फायर पट्टियों का निर्माण और नियंत्रित जलन तकनीक अपनाई जाती है। चौड़ी पत्ती वाले पेड़ों के कटान पर प्रतिबंध लगाया गया है, जबकि वनाग्नि नियंत्रण के लिए महिला मंगल दलों का गठन किया गया है। आग लगने की स्थिति में ग्रामीण तुरंत वन विभाग को सूचित करते हैं और आग बुझाने में सहयोग करते हैं। सूचना के त्वरित प्रसार के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाए गए हैं, जिनमें स्थानीय समुदायों, वन पंचायतों और ग्राम प्रधानों को शामिल किया गया है। जंगल बचाने के लिए “जंगल बचाओ—जीवन बचाओ” अभियान भी चलाया जा रहा है।
इस मॉक ड्रिल में 541 वन कर्मियों ने भाग लिया और 4095 अग्निशमन उपकरणों का उपयोग किया गया। एनडीएमए के वरिष्ठ सलाहकार आदित्य कुमार ने बताया कि मॉक ड्रिल के दौरान सामने आई चुनौतियों और कमियों पर विस्तार से चर्चा की गई। सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने कहा कि प्राप्त सुझावों को ध्यान में रखकर भविष्य की रणनीति तैयार की जाएगी, ताकि वनाग्नि से अधिक प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
इस अवसर पर राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस, वन विभाग, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


