प्रदेश का रजत जयंती समारोह पूरे प्रदेश में मनाया जाएगा : मुख्य सचिव
मुख्य सचिव ने रजत जयंती कार्यक्रमों की रूपरेखा को लेकर की अधिकारियों के साथ बैठक
1 नवंबर से 9 नवंबर तक पूरे प्रदेश में होंगे विभिन्न कार्यक्रम
देहरादून।मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने गुरुवार को सचिवालय में नवम्बर माह में प्रस्तावित रजत जयंती समारोह की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक ली। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रजत जयंती समारोह का आयोजन पूरे प्रदेश में किया जाए। बैठक में 1 नवम्बर से 9 नवम्बर तक आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई।
मुख्य सचिव ने कहा कि पिछले 25 वर्षों में राज्य ने शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, पर्यटन, सड़क एवं नेटवर्क कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रदर्शनी में पिछले 25 वर्षों की उपलब्धियों के साथ अगले 25 वर्षों का रोडमैप भी प्रदर्शित किया जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय से जनपद स्तरीय और राज्य स्तरीय कार्यक्रमों का आयोजन करें।
मुख्य सचिव ने कहा कि 1 नवम्बर से 9 नवम्बर तक प्रतिदिन विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि इन कार्यक्रमों में श्रमिकों, किसानों, पूर्व सैनिकों और महिलाओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाए तथा विभागीय कार्यक्रमों में आमजन की भागीदारी बढ़ाई जाए।
बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, एल. फैनाई, आर. मीनाक्षी सुन्दरम, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, सचिव नितेश कुमार झा, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, डॉ. आर. राजेश कुमार, विनय शंकर पाण्डेय, दीपेन्द्र कुमार चौधरी, डॉ. सुरेन्द्र नारायण पाण्डेय, विनोद कुमार सुमन, युगल किशोर पंत और धीराज सिंह गर्ब्याल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

