54 लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, बरेली से जुड़े हैं तार – STF की ANTF टीम की बड़ी कामयाबी

54 लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, बरेली से जुड़े हैं तार – STF की ANTF टीम की बड़ी कामयाबी
Spread the love

देहरादून । नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस के साथ मिलकर की गई इस संयुक्त कार्रवाई में टीम ने एक युवक को गिरफ्तार किया है जिसके कब्जे से करीब 163 ग्राम स्मैक, जिसकी कीमत लगभग 54 लाख रुपये आंकी गई है, तथा ₹63,490 नगद बरामद हुए हैं।

यह कार्रवाई 15 मई की देर रात नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत सामुदायिक भवन मोथरावाला इलाके में की गई। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान आशीष सिंघल पुत्र स्वर्गीय गिरधारी लाल सिंघल निवासी मकान संख्या 62-सी, रेस कोर्स, नई बस्ती, देहरादून के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह स्मैक बरेली (उत्तर प्रदेश) से लेकर आया था और स्थानीय युवाओं को छोटी-छोटी पुड़ियों में बेचता था। आरोपी वर्तमान में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता है और पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट में जेल जा चुका है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ श्री नवनीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में प्रदेशभर में ड्रग्स के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एएनटीएफ की यह कार्रवाई हुई है। श्री भुल्लर ने जनता से अपील की है कि नशे से दूर रहें और नशा तस्करी जैसी अवैध गतिविधियों से बचें। साथ ही यदि किसी को इस संबंध में कोई सूचना मिले तो तत्काल नजदीकी पुलिस स्टेशन या एसटीएफ उत्तराखंड से संपर्क करें।

एसटीएफ की इस कार्रवाई में इंस्पेक्टर विपिन बहुगुणा, एसआई प्रवीण पुंडीर, एलएसआई भावना कर्णवाल, हेड कॉन्स्टेबल मनमोहन, देवेंद्र ममगाईं, बृजमोहन और कॉन्स्टेबल दीपक चंदोला, दीपक नेगी, रामचंद्र सिंह एवं अमीर हुसैन शामिल रहे। एसटीएफ उत्तराखंड की ओर से यह अभियान “ड्रग्स फ्री देवभूमि” संकल्प को साकार करने की दिशा में एक और सख्त कदम है।

एसटीएफ से संपर्क हेतु हेल्पलाइन नंबर हैं – 0135-2656202 और 9412029536।

देवभूमि खबर

Related articles