श्रीनगर में यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लेने ग्राउंड जीरो पर पहुँचे एसएसपी पौड़ी श्री लोकेश्वर सिंह

श्रीनगर में यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लेने ग्राउंड जीरो पर पहुँचे एसएसपी पौड़ी श्री लोकेश्वर सिंह
Spread the love

श्रीनगर। आगामी चारधाम यात्रा 2025 को सुरक्षित और सफल बनाने के उद्देश्य से पौड़ी पुलिस पूरी तरह कटिबद्ध है। विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी यात्रियों के भारी संख्या में आने की सम्भावना को देखते हुए, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी श्री लोकेश्वर सिंह ने आज दिनांक 28 अप्रैल 2025 को जनपद के श्रीनगर क्षेत्रान्तर्गत चारधाम यात्रा रूट कीर्तिनगर पुल से सिरोबगड़ तक तथा श्रीनगर में पार्किंग स्थलों और होल्डिंग एरिया का ग्राउंड जीरो पर जाकर निरीक्षण किया। उन्होंने यात्रा की तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधीनस्थ अधिकारियों व कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी महोदय ने कहा कि श्रीनगर कस्बा चारधाम यात्रा हेतु एक अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल है, जहाँ से बद्रीनाथ, केदारनाथ और गोविंदघाट जैसे तीर्थ स्थलों के लिए यात्रियों की भारी आवाजाही होती है। यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए सभी पुलिसकर्मियों को तत्परता और ईमानदारी से अपनी ड्यूटी निभाने तथा यात्रियों के साथ मधुर और सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रभारी निरीक्षक श्रीनगर को आदेशित किया गया कि यात्रा मार्गों पर लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की 24 घंटे थाने से मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने यात्रा के दौरान वाहनों की अत्यधिक संख्या, जाम या आपदा की स्थिति में पूर्व निर्धारित और अस्थाई पार्किंग स्थलों का समुचित उपयोग सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि मुख्य यात्रा मार्गों पर किसी भी प्रकार की जाम की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए सभी ड्यूटी कार्मिकों को भली-भांति ब्रीफ कर तत्परता से कार्य कराया जाए। यात्रियों की सहायता के लिए सम्पूर्ण यात्रा मार्ग पर अस्थायी चौकियाँ और पुलिस पर्यटन सहायता केन्द्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें नियुक्त प्रशिक्षित पुलिसकर्मी 24 घंटे यात्रियों की मदद हेतु मौजूद रहेंगे।

आपदा प्रबंधन के दृष्टिगत एसएसपी ने एसडीआरएफ और जल पुलिस की टीमों को आपातकालीन स्थिति में त्वरित कार्रवाई और सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, यात्रा मार्ग के बाधित होने की स्थिति में वैकल्पिक मार्ग पौड़ी चुंगी श्रीनगर–बुगाणी–खिर्सू–खेड़ाखाल–खाँकरा–रुद्रप्रयाग मार्ग पर पाई गई खामियों को सम्बन्धित विभागों से समन्वय स्थापित कर शीघ्र दूर करने के निर्देश भी प्रदान किए गए।

पौड़ी पुलिस यात्रियों और श्रद्धालुओं को एक सुरक्षित, सहज और सुखद यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए पूर्ण रूप से तैयार है और सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

देवभूमि खबर

Related articles