सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने वालों पर होगी कड़ी कार्यवाही: डॉ. मंजूनाथ टीसी
रिपोर्ट — ललित जोशी |
नैनीताल।सरोवर नगरी जनपद नैनीताल के रामनगर क्षेत्र में वन विभाग की भूमि से अतिक्रमण हटाए जाने की तारीख सात दिसंबर निर्धारित की गई है। प्रशासनिक अभियान को सफल बनाने के लिए पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसी बीच वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि सरकारी कार्य में किसी भी प्रकार की बाधा डालने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
अतिक्रमण हटाने के दौरान किसी भी परिस्थिति में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु भारी पुलिस बल तैनात किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक नैनीताल द्वारा पुलिस बल को ब्रीफ कर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। डॉ. मंजूनाथ टीसी के नेतृत्व में जनपद पुलिस पूरे अभियान के दौरान पूर्ण रूप से कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
सुरक्षा की दृष्टि से संपूर्ण क्षेत्र को पाँच सुपर जोन/जोन में विभाजित किया गया है। पूरे अभियान की जिम्मेदारी पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्रा को मुख्य प्रभारी तथा पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल को सह प्रभारी के रूप में सौंपी गई है। इनके अतिरिक्त अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी लालकुआं दीपशिखा अग्रवाल, क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडे, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार तथा क्षेत्राधिकारी नैनीताल रविकांत सेमवाल संबंधित जोन प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। वहीं यातायात व्यवस्था की कमान निरीक्षक यातायात वेद प्रकाश भट्ट को दी गई है।
अभियान के दौरान शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल और संसाधनों की तैनाती की गई है। पुलिस तैनाती में एएसपी, सीओ, इंस्पेक्टर/एसओ, एसआई/एएसआई, हेड कांस्टेबल व कांस्टेबल के साथ-साथ फायर यूनिट, एसडीआरएफ टीम, टियर गैस यूनिट, ड्रोन, बैरियर्स, प्रिजन वैन तथा आठ प्लाटून पीएसी को शामिल किया गया है। इसके अलावा पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्रा द्वारा स्वयं पुलिस बल की ब्रीफिंग कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रभारी निरीक्षक रामनगर सुशील जोशी को पूरे अभियान की व्यवस्थाओं को सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी दी गई है।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने सख्त चेतावनी जारी करते हुए कहा कि कानूनी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की बाधा पैदा करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी तथा कुछ लोगों के विरुद्ध प्रीवेंटिव डिटेंशन की कार्यवाही भी अमल में लाई जा रही है। संपूर्ण क्षेत्र की निगरानी के लिए वीडियोग्राफी एवं ड्रोन टीमों की तैनाती की गई है। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है और किसी भी प्रकार की अनर्गल बयानबाजी, भड़काऊ संदेश अथवा लोगों को एकत्रित होने का आह्वान करने की स्थिति में तुरंत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
