भ्रष्टाचार और अतिक्रमण पर सख्ती, दस्तावेजों के सत्यापन में लापरवाही नहीं चलेगी: मुख्यमंत्री

भ्रष्टाचार और अतिक्रमण पर सख्ती, दस्तावेजों के सत्यापन में लापरवाही नहीं चलेगी: मुख्यमंत्री
Spread the love

देहरादून ।मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रदेश में भ्रष्टाचार, अवैध अतिक्रमण और फर्जी दस्तावेजों के विरुद्ध सख्त अभियान निरंतर जारी रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आधार कार्ड और अन्य सरकारी दस्तावेजों को बनाते समय सही प्रकार से सत्यापन किया जाए और इसमें लापरवाही बरतने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाए।

मुख्यमंत्री ने सरकारी भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई निरंतर चलाने, तथा अतिक्रमण से मुक्त कराई गई भूमि की फिर से निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही, शत्रु संपत्तियों पर हुए अतिक्रमण का विस्तृत आंकलन कर उसकी जानकारी शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सरकारी भवनों के निर्माण कार्यों में स्थानीय श्रमिकों को प्राथमिकता दी जाए और निर्माण कार्यों में राज्य की सांस्कृतिक पहचान और पारंपरिक पर्वतीय वास्तुशैली को महत्व दिया जाए।

मुख्यमंत्री ने धर्मांतरण से संबंधित मामलों में की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट भी तलब की और कहा कि सभी जनपदों में सत्यापन अभियान जारी रखा जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि संदिग्ध गतिविधि अथवा व्यक्ति की सूचना मिलते ही तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाए।

भ्रष्टाचार के विरुद्ध मुहिम को और प्रभावी बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने टोल फ्री नंबर 1064 का व्यापक प्रचार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने बॉर्डर क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाने को भी कहा।

बैठक में प्रमुख सचिव श्री आर. मीनाक्षी सुंदरम, अपर पुलिस महानिदेशक श्री वी. मुरूगेशन, श्री ए.पी. अंशुमन, सचिव श्री विनोद कुमार सुमन, उपाध्यक्ष एमडीडीए श्री बंशीधर तिवारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles