क्लेमेंटाउन में युवती पर जानलेवा हमला, आरोपी छात्र गिरफ्तार

क्लेमेंटाउन में युवती पर जानलेवा हमला, आरोपी छात्र गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून । थाना क्लेमेंटाउन क्षेत्र में युवती पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को दून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार 7 मार्च 2026 को वादी कृष्ण चंद्र वर्मा पुत्र स्व. दयाराम निवासी आदर्श विहार, रायपुर रोड, देहरादून ने थाना क्लेमेंटाउन में लिखित तहरीर दी। उन्होंने बताया कि एक निजी शिक्षण संस्थान में पढ़ने वाले युवक उदय पुत्र महेश निवासी जागृति विहार, मेरठ (उत्तर प्रदेश), जो एमसीए प्रथम वर्ष का छात्र है, ने उनकी पुत्री पर जान से मारने की नियत से चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका उपचार दून अस्पताल में चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

तहरीर के आधार पर थाना क्लेमेंटाउन में आरोपी के खिलाफ मुकदमा संख्या 20/2026 धारा 109(1) बीएनएस के तहत अभियोग दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने आरोपी के खिलाफ त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी उदय सिंह उर्फ विशु पुत्र महेश कुमार निवासी जागृति विहार, थाना मेडिकल, मेरठ (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी ओगल भट्टा, क्लेमेंटाउन को दून अस्पताल परिसर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर उसके ओगल भट्टा स्थित कमरे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह क्लेमेंटाउन स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान में एमसीए प्रथम वर्ष का छात्र है और ओगल भट्टा क्षेत्र में अपने दोस्तों के साथ किराए के कमरे में रहता है। उसकी मुलाकात उक्त युवती से सितंबर 2025 में संस्थान में हुई थी और दोनों के बीच संपर्क बना हुआ था। आरोपी युवती से शादी करना चाहता था, लेकिन उसे युवती के किसी अन्य युवक के संपर्क में होने की जानकारी मिली। इसी बात को लेकर 7 मार्च को दोनों के बीच विवाद हुआ और आवेश में आकर आरोपी ने युवती पर चाकू से हमला कर दिया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

देवभूमि खबर

Related articles