शंकराचार्य स्वामी अभिमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी के अपमान के विरोध में टिहरी कांग्रेस का उपवास, यूपी पुलिस की कार्रवाई की निंदा

शंकराचार्य स्वामी अभिमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी के अपमान के विरोध में टिहरी कांग्रेस का उपवास, यूपी पुलिस की कार्रवाई की निंदा
Spread the love

टिहरी। बद्रीकाश्रम ज्योतिषपीठ के पूज्य शंकराचार्य स्वामी अभिमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज के कथित अपमान के विरोध में शनिवार को टिहरी क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं गौ-भक्तों द्वारा उपवास रखा गया। यह उपवास प्रातः 10 बजे से नव दुर्गा मंदिर प्रांगण में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेसजन एवं श्रद्धालु शामिल हुए।

उपवास के दौरान उपस्थित नेताओं ने उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्रवाई की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे सनातन परंपरा और धार्मिक भावनाओं पर आघात बताया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शांति प्रसाद भट्ट, राकेश राणा, विजय गुनसोला, देवेंद्र नौडियाल एवं दर्शनी रावत ने कहा कि वेदपाठी बटुक ब्राह्मणों एवं संतों के साथ जिस प्रकार का व्यवहार किया गया, वह अत्यंत निंदनीय और अस्वीकार्य है।

नेताओं ने कहा कि पूज्य शंकराचार्य स्वामी अभिमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी संपूर्ण देश में करोड़ों सनातनियों के श्रद्धेय गुरु हैं। प्रयागराज में माघ मेले के दौरान उन्हें मौनी अमावस्या के पावन स्नान से जबरन रोका जाना, उनके साथ आए बटुक ब्राह्मणों, दंडी स्वामियों एवं महिलाओं के साथ अभद्रता, मारपीट एवं अपमानजनक व्यवहार गंभीर विषय है। उन्होंने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने तथा शंकराचार्य जी को ससम्मान त्रिवेणी संगम में स्नान कराने की मांग की।


नेताओं ने यह भी कहा कि पूज्य शंकराचार्य जी गौहत्या रोकने और गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं, और कांग्रेसजन उनके इस अभियान का समर्थन करते हैं।

उपवास कार्यक्रम में कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष व प्रदेश प्रवक्ता शांति प्रसाद भट्ट, पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश राणा, प्रदेश महामंत्री एवं पूर्व प्रमुख विजय गुनसोला, पीसीसी सदस्य देवेंद्र नौडियाल, महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष व प्रदेश महामंत्री दर्शनी रावत, जिला उपाध्यक्ष मुर्तजा बेग, रमेश गुनसोला, गबर सिंह रावत, वीरेंद्र दत्त, वृद्धपाल परमार, गंगा गुनसोला सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं गौ-भक्त उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles