चारधाम यात्रा में संख्या सीमा हटाने पर सीएम धामी का आभार, श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता

देहरादून। राज्य सरकार द्वारा उत्तराखण्ड के चारों धामों में यात्रियों की संख्या सीमित न किए जाने के निर्णय का तीर्थ पुरोहितों, पुजारियों, हितधारकों, होटल एवं ट्रैवल संगठनों ने स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री आवास में आयोजित बैठक में चारधाम से जुड़े प्रतिनिधियों ने कपाट खुलने के अवसर पर मुख्यमंत्री को आमंत्रित भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान करते हुए चारधाम यात्रा को अधिक सुगम और सुलभ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्थाएं सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं तथा सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने कहा कि धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। यात्रा के दौरान मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने सभी से चारधाम यात्रा के सफल संचालन में सहभागी बनने की अपील की।
चारधाम से जुड़े संगठनों ने इस निर्णय को आस्था, पर्यटन और प्रदेश की अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताया। उनका कहना है कि इससे होटल व्यवसाय, परिवहन और स्थानीय व्यापार को व्यापक लाभ मिलेगा। साथ ही, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रणाली को वर्षभर खुला रखने का सुझाव भी दिया गया।
प्रतिनिधियों ने भरोसा जताया कि सरकार यात्रा व्यवस्थाओं को सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए लगातार आवश्यक कदम उठाती रहेगी। इस दौरान विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं और सुरक्षा प्रबंधों की सराहना भी की।

