सातवीं गढ़वाल राइफल का 62वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया

सातवीं गढ़वाल राइफल का 62वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया
Spread the love

देहरादून। सातवीं गढ़वाल राइफल गौरव सेनानी कल्याण समिति, देहरादून द्वारा पलटन का 62वां स्थापना दिवस आज श्रेष्ठ वेडिंग प्वाइंट, मोथोरावाला में बड़ी धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। सातवीं गढ़वाल राइफल की स्थापना 01 अक्टूबर 1964 को हुई थी, परन्तु पूर्व सैनिकों की व्यस्तता को देखते हुए यह आयोजन 12 अक्टूबर को किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि 82 वर्षीय वरिष्ठ गौरव सेनानी कैप्टन दलबीर सिंह गुसाईं ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सभी उपस्थित गौरव सेनानियों द्वारा पलटन के अमर शहीदों को सामूहिक रूप से पुष्पांजलि अर्पित की गई। तत्पश्चात वीर नारियों को शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।

समिति के अध्यक्ष कैप्टन कुलदेव सिंह नेगी ने पलटन के 60 वर्षों की गौरवमयी यात्रा का विवरण प्रस्तुत करते हुए बताया कि 1971 के युद्ध में पलटन की सक्रिय भूमिका, विभिन्न राज्यों में आंतरिक सुरक्षा अभियानों में उत्कृष्ट प्रदर्शन, सियाचिन में दो बार सर्वोच्च सेवा तथा नौसेना के साथ समन्वय जैसी उपलब्धियों ने न केवल गढ़वाल रेजिमेंट, बल्कि पूरी भारतीय सेना का नाम रोशन किया है। उन्होंने बताया कि बटालियन को अंतरराष्ट्रीय शांति पदक, थल सेनाध्यक्ष और आर्मी कमांडर प्रशंसा पत्रों सहित अनेक सम्मान प्राप्त हुए हैं।

उन्होंने कहा कि यह दिवस हमारे लिए गर्व और कृतज्ञता दोनों का प्रतीक है — उन अमर शहीदों के प्रति जिन्होंने राष्ट्र के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया।

कार्यक्रम का संचालन नायक मगन राणा, जो वर्तमान में सचिवालय में अनुभाग अधिकारी के पद पर सेवारत हैं, ने किया।

इस अवसर पर कैप्टन अनिल पैन्यूली, कैप्टन विनोद सकलानी, सुबेदार उमेद पंवार, सुबेदार रतन, कैप्टन विजय भट्ट, प. सुबेदार हरी असवाल, सु. मे. सत्यप्रकाश डबराल, सुबेदार विनोद मनवाल, कैप्टन प्रदीप, कैप्टन कुंदन सकलानी, कै. मदन नेगी, कै. वासुदेव, सु. मनवर नेगी, सूबे सत्यपाल राणा, सूबे विनोद कुमार, नायक शंकरदयाल (पूर्व ग्राम प्रधान रायवाला धनै), कै. नागेंद्र, अनूप नेगी समेत बड़ी संख्या में वीर नारियाँ, मातृशक्ति और गौरव सेनानी उपस्थित रहे।

समारोह में संस्कृति विभाग, देहरादून के सौजन्य से श्रीमती सुनीता भट्ट और उनकी टीम द्वारा देशभक्ति गीतों एवं रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।

देवभूमि खबर

Related articles