नाबालिग से दुष्कर्म व जान से मारने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार

चमोली। दिनांक 07 अगस्त 2025 को एक नाबालिग बालिका द्वारा कोतवाली कर्णप्रयाग में तहरीर दी गई, जिसमें उसने आरोप लगाया कि ग्राम पुजारी गांव, थाना कर्णप्रयाग निवासी आकाश पुजारी (उम्र लगभग 27 वर्ष) ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। आरोपित ने चाकू से हमला कर उसे घायल भी किया और घटना की जानकारी किसी को देने पर उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली कर्णप्रयाग में मु0अ0सं0 40/25 धारा 64(1), 96, 351(3), 115(2) बीएनएस एवं 3/4 पोक्सो एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।
महिला एवं बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों के प्रति सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली श्री सर्वेश पंवार ने अभियुक्त की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश जारी किए। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी आकाश पुजारी को गिरफ्तार कर लिया है और विधिक प्रक्रिया के अंतर्गत आज माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
चमोली पुलिस ने पुनः दोहराया कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा ऐसे गंभीर व संवेदनशील मामलों में त्वरित व कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

