बदमाशी का रुतबा दिखाने वाला आरोपी तमंचे के साथ गिरफ्तार
मंगलौर। जनपद हरिद्वार में वांछित आरोपितों की धरपकड़ हेतु चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत कोतवाली मंगलौर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने हत्या के प्रयास में वांछित और सोशल मीडिया पर बदमाशी के वीडियो डालकर रुतबा दिखाने वाले आरोपी को तमंचा सहित गिरफ्तार कर लिया।
कोतवाली मंगलौर में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 549/25 धारा 109(2) BNS में आरोपी वांछित चल रहा था। प्रकरण में दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस लगातार मुख्य आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।
आरोपी द्वारा अपना दबदबा बनाने के लिए इंस्टाग्राम अकाउंट पर कई बदमाशी भरी वीडियो डाली गई थीं। इनमें मारपीट करने और कोर्ट रूम में गोली मारने की धमकी देने जैसी हरकतें शामिल थीं। इन वीडियो को वायरल कर आरोपी लोगों में भय और आतंक पैदा करने की कोशिश कर रहा था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कार्तिक पुत्र संजय निवासी कैल्लनपुर, थाना पुरकाजी, जनपद मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12 बोर का तमंचा बरामद किया है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज, कांस्टेबल पंकज, कांस्टेबल देश दीपक बाली और कांस्टेबल सुधीर शामिल रहे।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि बदमाशी दिखाकर कानून को चुनौती देने वालों और सोशल मीडिया पर रुतबा जमाने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे तत्वों पर लगातार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

