राज्यपाल ने पुलिस टीम को राजभवन देहरादून में किया सम्मानित
देहरादून।राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने राजभवन में पुलिस द्वारा त्वरित रूप से कार्रवाई करते हुए गुमशुदा राजभवन कॉलोनी कैंट से एक 16 वर्षीय बालिका को सकुशल बरामद करने पर संपूर्ण पुलिस टीम को राजभवन देहरादून में सम्मानित किया।
दिनाँक 15/11/22 को प्रातः 8:15 बजे थाना कैंट को फोन के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि राजभवन कॉलोनी कैंट से एक 16 वर्षीय बालिका अपने घर से कहीं चली गई है। उक्त सूचना पर थाना कैंट द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आर0टी0 सेट के माध्यम से गुमशुदा की तलाश हेतु आसपास के थानों को सूचित करते हुए उच्चाधिकारीगणों को अवगत कराया गया। गुमशुदा बालिका के सकुशल बरामदगी हेतु क्षेत्राधिकारी कैंट श्री नीरज सेमवाल तथा प्रभारी निरीक्षक कैंट श्री राजेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में तीन अलग- अलग टीमों का गठन किया गया। गठित टीमों में से एक टीम द्वारा गुमशुदा बालिका के परिजनों व बालिका के विद्यालय से गुमशुदा के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई, दूसरी टीम द्वारा जनपद देहरादून के बस अड्डे, रेलवे स्टेशन धर्मशालाओ, होटलो व अन्य संभावित स्थानों पर गुमशुदा के फोटोग्राफ्स से उसकी तलाश करते हुए आने जाने वाले मार्गो पर लगे सीसीटीवी कैमरो का अवलोकन किया गया, जिसमें उक्त बालिका स्कूल बैग के साथ पैदल जाती हुई दिखाई दी। इसके अतिरिक्त एक अन्य टीम द्वारा इसी बीच पुलिस टीम को जानकारी प्राप्त हुई कि गुमशुदा उपरोक्त ट्रेन में सवार होकर हरिद्वार की ओर रवाना हुई है, जिस पर तत्काल जीआरपी हरिद्वार को सूचित करते हुए देहरादून से पुलिस टीम को हरिद्वार रवाना किया गया। हरिद्वार स्टेशन पर देहरादून से आई बांद्रा एक्सप्रेस की गहन तलाशी करने पर उक्त गुमशुदा बालिका को ट्रेन से सकुशल बरामद करते हुए देहरादून लाया गया तथा उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया। पुलिस द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई के परिजनों द्वारा सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया गया।
पुलिस द्वारा त्वरित रूप से कार्रवाई करते हुए गुमशुदा उपरोक्त को सकुशल बरामद करने पर राज्यपाल उत्तराखंड द्वारा संपूर्ण पुलिस टीम 1- श्री नीरज सेमवाल, पुलिस उपाधीक्षक कैंट,2- श्री राजेंद्र सिंह रावत, प्रभारी निरीक्षक कैंट,3- उपनिरीक्षक धनीराम पुरोहित चौकी प्रभारी पंडितवाड़ी,4- उपनिरीक्षक जगत सिंह, थाना कैंट,5- हे0कां0प्रो0 सत्यवीर सिंह,6- हेड कांस्टेबल सोहन सिंह 7- कांस्टेबल दीपक कुमार,8- कांस्टेबल हरेन्द्र पवार को आज राजभवन देहरादून में बुलाकर सम्मानित किया गया।

