स्नातक स्तरीय परीक्षा प्रश्न पत्र लीक मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, महिला अभियुक्त गिरफ्तार
देहरादून। 21 सितम्बर 2025 को सोशल मीडिया पर UKSSSC द्वारा आयोजित स्नातक स्तरीय पदों की लिखित प्रतियोगी परीक्षा के प्रश्न पत्रों के फोटो अज्ञात व्यक्ति द्वारा आउट किए जाने और उनके स्क्रीनशॉट्स वायरल होने का मामला सामने आया था। इस संबंध में आयोग द्वारा दिए गए शिकायती पत्र पर एसएसपी देहरादून ने विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया।
जांच के दौरान पता चला कि टिहरी में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत महिला सुमन के पास ये प्रश्न पत्र पहुंचे थे। पूछताछ में सुमन ने बताया कि ये प्रश्न उसके पुराने परिचित खालिद मलिक के नम्बर से उसकी बहन साबिया ने भेजे थे। शक होने पर सुमन ने प्रश्न पत्रों के फोटो के स्क्रीनशॉट लेकर एक अन्य व्यक्ति को उपलब्ध करा दिए, जिसके माध्यम से यह परीक्षा के उपरांत सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए गए।
जांच में खालिद मलिक की एक अन्य बहन हिना की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई। इस आधार पर एसआईटी की रिपोर्ट पर थाना रायपुर में मुकदमा मु0अ0सं0 301/25 धारा 11(1), 11(2), 12(2) उत्तराखंड प्रतियोगी परीक्षा (भर्ती में अनुचित साधनों की रोकथाम एवं उपाय) अध्यादेश 2023 के तहत दर्ज किया गया। मामले की विवेचना पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश को सौंपी गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने घटना स्थल आदर्श बाल सदन इंटर कॉलेज बहादुरपुर जट, थाना पथरी, हरिद्वार का निरीक्षण किया और प्रिंसिपल, कक्ष निरीक्षकों व अन्य गवाहों से गहन पूछताछ की। इसमें सामने आया कि अभियुक्त खालिद मलिक की बहन साबिया को अपने भाई की परीक्षा की जानकारी थी। इसके बावजूद उसने प्रश्न पत्र के फोटो सुमन को सॉल्व करने के लिए भेजे और उनसे उत्तर प्राप्त किए। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने अभियुक्ता साबिया को गिरफ्तार कर लिया।
सुमन से पूछताछ में यह भी सामने आया कि शामिल अन्य व्यक्तियों ने प्रश्न पत्र आउट होने की सूचना पुलिस या आयोग को न देकर उसके स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल किए। यदि समय रहते सूचना दी गई होती तो अभियुक्त खालिद व उसके सहयोगियों को परीक्षा केंद्र से ही गिरफ्तार किया जा सकता था। प्रकरण में शामिल अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें प्रयासरत हैं।
गिरफ्तार अभियुक्ता साबिया पुत्री शहजाद, निवासी सुल्तानपुर आदमपुर, थाना लक्सर, जनपद हरिद्वार, उम्र 35 वर्ष।

