मोहल्ला अली खां में कानून व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

मोहल्ला अली खां में कानून व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
Spread the love

काशीपुर के मोहल्ला अली खां में हाल ही में हुई घटना को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने स्पष्ट किया कि अराजकता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। यह बयान जिलाधिकारी ने काशीपुर एसपी कार्यालय में कानून-व्यवस्था की बैठक के दौरान दिया।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को क्षेत्र में चल रही योजनाओं का सत्यापन कराने के निर्देश दिए। मंगलवार को जिलाधिकारी ने अधिकारियों के साथ मोहल्ला अली खां का मौके पर निरीक्षण किया और हटाए गए अतिक्रमणों का जायजा लिया। उन्होंने नगर आयुक्त को नालियों की सफाई कराने और सड़कों पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को हाउस टैक्स, दुकानों के लाइसेंस, वोटर लिस्ट सत्यापन, विद्युत एवं पेयजल संयोजन, राशन कार्ड समेत सभी महत्वपूर्ण दस्तावेजों का शत-प्रतिशत सत्यापन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस को मोहल्ला में रात्रि गश्त बढ़ाने और उपखंड अधिकारी विद्युत को बिजली के बकाया बिल वाले घरों में नोटिस जारी करने के लिए कहा।

क्षेत्रीय खाद्य निरीक्षक ने बताया कि पिछले तीन दिनों में 401 राशन कार्डों का सत्यापन किया गया, जिनमें से 83 अपात्र पाए गए हैं और उनके निरस्तीकरण की संस्तुति की गई। नगर आयुक्त ने बताया कि मोहल्ला अली खां में लगभग 200 अतिक्रमण हटाए गए। उपखंड अधिकारी विद्युत महक मिश्रा ने कहा कि 13 विद्युत संयोजन विभिन्न कमियों के चलते काटे गए।

जिलाधिकारी ने सभी से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति तथा सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, अपर पुलिस अधीक्षक अभय सिंह, नगर आयुक्त रविंद्र बिष्ट, उप जिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह, तहसीलदार पंकज चंदोला, उपखंड अधिकारी विद्युत महक मिश्रा, क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक मलकीत सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

देवभूमि खबर

Related articles