सूबे के चिकित्सा शिक्षा विभाग को मिली 54 स्थाई फैकल्टी

सूबे के चिकित्सा शिक्षा विभाग को मिली 54 स्थाई फैकल्टी
Spread the love

देहरादून।चिकित्सा शिक्षा विभाग को 54 नियमित फैकल्टी सदस्यों की सौगात मिली है। राज्य चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड के माध्यम से चयनित इन प्रोफेसर एवं एसोसिएट प्रोफेसरों की तैनाती प्रदेश के विभिन्न राजकीय मेडिकल कॉलेजों में रिक्त पदों के सापेक्ष की जाएगी।

स्थायी फैकल्टी के मिलने से मेडिकल कॉलेजों में शिक्षण एवं प्रशिक्षण कार्यों में न केवल गुणात्मक सुधार होगा, बल्कि शोध गतिविधियों में भी तेजी आएगी। साथ ही कॉलेजों से सम्बद्ध चिकित्सालयों में मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध हो सकेगा।

प्रदेश के राजकीय मेडिकल कॉलेजों में फैकल्टी की कमी को दूर करने के उद्देश्य से राज्य सरकार लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में चिकित्सा शिक्षा विभाग ने मेडिकल कॉलेजों में रिक्त प्रोफेसर एवं एसोसिएट प्रोफेसरों के कुल 156 पदों पर भर्ती के लिए अधियाचन भेजा था।

राज्य चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड ने निर्धारित मानकों के अनुसार साक्षात्कार परीक्षा आयोजित की और 54 अभ्यर्थियों का विषयवार चयन परिणाम घोषित कर दिया है। इनमें 18 प्रोफेसर तथा 36 एसोसिएट प्रोफेसर शामिल हैं।

चयन परिणाम के अनुसार एनॉटमी, पैथोलॉजी व पीडियाट्रिक्स विभाग में 2-2 प्रोफेसर, जबकि बायोकैमेस्ट्री, ब्लड बैंक, कम्युनिटी मेडिसिन, डेंटिस्ट्री, फॉरेन्सिक मेडिसिन, जनरल सर्जरी, ऑर्थोपीडिक्स, फिजियोलॉजी, रेडियोथेरेपी में 1-1 प्रोफेसर और माइक्रोबायोलॉजी में 3 प्रोफेसर का चयन हुआ है।

एसोसिएट प्रोफेसर के पदों पर एनेस्थीसिया, कम्युनिटी मेडिसिन, डेंटिस्ट्री, फॉरेन्सिक मेडिसिन, जनरल सर्जरी, फार्माकोलॉजी, फिजियोलॉजी व बायोकैमेस्ट्री में 2-2, एनॉटमी, ब्लड बैंक, माइक्रोबायोलॉजी, जनरल मेडिसिन, ऑप्थैल्मोलॉजी, ऑर्थोपीडिक्स, साइकाइट्री, रेडियोथेरेपी व पीडियाट्रिक्स में 1-1, ऑब्स्टेट्रिक्स एंड गायनी व ओटो-राइनो-लेरिंगोलॉजी में 3-3 और पैथोलॉजी में 5 एसोसिएट प्रोफेसर का चयन हुआ है।

निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ. आशुतोष सयाना ने बताया कि चयनित फैकल्टी सदस्यों की शीघ्र ही नियुक्ति की जाएगी। इससे कॉलेजों में फैकल्टी की कमी दूर होगी और शिक्षण, प्रशिक्षण व शोध गतिविधियों को नया बल मिलेगा।

इसके साथ ही मरीजों को भी मेडिकल कॉलेजों से सम्बद्ध अस्पतालों में उच्चस्तरीय चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड के माध्यम से चिकित्सा शिक्षा विभाग में 18 प्रोफेसर और 36 एसोसिएट प्रोफेसरों का चयन किया गया है। यह प्रदेश की चिकित्सा शिक्षा प्रणाली को सुदृढ़ और प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। चयनित फैकल्टी सदस्यों को शीघ्र ही प्रदेश के विभिन्न राजकीय मेडिकल कॉलेजों में नियुक्त किया जाएगा, जिससे शिक्षण, प्रशिक्षण और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा।

देवभूमि खबर

Related articles