पुलिसकर्मियों पर हमला कर सरकारी कार्य में बाधा डालने वाले 07 अभियुक्तों को दून पुलिस ने किया गिरफ्तार
डीजे बंद कराने को लेकर हुए विवाद में अभियुक्तों द्वारा पुलिसकर्मियों पर किया था हमला
देहरादून।डोईवाला थाना क्षेत्र अंतर्गत हर्रावाला में जागरण के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाने की सूचना पर मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों पर हमला करने वाले सात अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
घटना दिनांक 14 अप्रैल 2025 की रात्रि की है, जब चौकी हर्रावाला में नियुक्त कांस्टेबल आशीष राठी और कांस्टेबल मंजीत कुमार को कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि माता मंदिर हर्रावाला में हो रहे जागरण में तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा है।
सूचना पर दोनों पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे, जहां पहले से मौजूद अभियुक्तगण – गोलू, सागर, निक्कू, अनिल, सौरभ, अंकित पासवान, विनय पासवान और अन्य अज्ञात पुरुष एवं महिलाएं – ने पुलिस कर्मियों को डीजे बंद करने से रोकते हुए उनके साथ हाथापाई की।
आरोप है कि अभियुक्तों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से गाली-गलौच की, जान से मारने की धमकी दी और सरकारी कार्य में बाधा डाली। इस दौरान कांस्टेबल आशीष के सिर पर चोट आई। जब उन्होंने घटना का वीडियो बनाना चाहा तो अभियुक्तों ने उनका मोबाइल फोन छीनकर क्षतिग्रस्त कर दिया।
इसके अतिरिक्त मौके पर मौजूद लोगों द्वारा जागरण हेतु प्राप्त अनुमति में दिए गए आदेशों और निर्देशों का भी पालन नहीं किया गया। मामले में डोईवाला थाना में अभियुक्तों के खिलाफ मु0अ0सं0 96/2025 धारा 191(2)/132/121(1)/126(2)/223(बी)/351(3)/352/324(2)/3(5) बीएनएस के अंतर्गत मुकदमा दर्ज।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था को भंग करने, पुलिसकर्मियों पर हमला करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने जैसी घटनाओं को बिल्कुल भी सहन नहीं किया जाएगा। ऐसी गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा इस घटना को गंभीरता से लेते हुए तुरंत गिरफ्तारी के आदेश दिए गए। साथ ही सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम में तय नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाए और किसी भी स्थिति में कानून व्यवस्था को बिगाड़ने का प्रयास न होने दिया जाए।
पुलिस ने जागरण आयोजकों को भी चेतावनी दी है कि भविष्य में ऐसे आयोजनों के लिए उचित अनुमति प्राप्त करना अनिवार्य है और सभी आदेशों व निर्देशों का पालन किया जाना आवश्यक है। अनुमति की शर्तों का उल्लंघन करने पर आयोजकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
देहरादून पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी धार्मिक या सामाजिक आयोजन में संयम बरतें और निर्धारित समय, ध्वनि सीमा व निर्देशों का पालन करें। किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि, हुड़दंग, या पुलिसकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार करने वालों की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या हेल्पलाइन नंबर पर दें।

