देवप्रयाग में दर्दनाक सड़क हादसा, वैगनआर कार गहरी खाई में गिरी, चालक सहित दो की मौत, तीन घायल

टिहरी । देवप्रयाग क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार चालक सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। चंडीगढ़ से रुद्रप्रयाग जा रही वैगनआर कार ग्राम पाली स्थित रिवर व्यू कैफे एंड रेस्टोरेंट के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही देवप्रयाग पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
पुलिस कार्यालय टिहरी गढ़वाल से प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा 15 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 5:40 बजे देवप्रयाग से लगभग चार किलोमीटर श्रीनगर की ओर हुआ। हरियाणा पंजीकरण संख्या एचआर-68 सी-1242 वाली कार में चालक सहित पांच लोग सवार थे। वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही देवप्रयाग पुलिस ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए खाई में फंसे तीन घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बागी पहुंचाया। हादसे में वाहन चालक अनिल सिंह (33 वर्ष) और सत्येश्वरी देवी (72 वर्ष) की मौत हो गई। दोनों मृतक चमोली जनपद के निवासी थे।
घायलों में उत्तम सिंह (33 वर्ष), निवासी ग्राम लाडोली, जनपद रुद्रप्रयाग, टीशा रावत (18 वर्ष) और सुनीता देवी (45 वर्ष), निवासी ग्राम बीना, जनपद रुद्रप्रयाग शामिल हैं। तीनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) को भी सूचना दी गई। एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस के साथ बचाव अभियान में जुट गई। खाई में गिरे दोनों मृतकों के शवों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।
देवप्रयाग पुलिस ने दुर्घटना के बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए घायलों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्य के दौरान पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें घटनास्थल पर जुटी रहीं।


