कांवड़ मेले की भीड़ में चेन स्नैचिंग करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, सोने की चेन बरामद

कांवड़ मेले की भीड़ में चेन स्नैचिंग करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, सोने की चेन बरामद
Spread the love

हरिद्वार। थाना कनखल पुलिस ने कांवड़ मेले की भीड़ का फायदा उठाकर चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में एक आरोपी पूर्व में हत्या के प्रयास और अवैध हथियार के मामलों में जेल जा चुका है।

पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त 2026 को बैरागी कैंप कनखल में मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात युवकों ने कुश शर्मा की पत्नी के गले से चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए थे। मामले की सूचना 21 अगस्त को पुलिस को दी गई, जिसके आधार पर थाना कनखल में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना के खुलासे के लिए एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर थाना कनखल में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के साथ इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाए और घटनास्थल व आसपास के क्षेत्रों में संदिग्धों की गतिविधियों की पड़ताल की।

लगातार जांच के बाद पुलिस को 23 अगस्त को मुखबिर से आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना मिली। इसके आधार पर पुलिस टीम ने जियापोता के पास से दो युवकों को लूटी गई सोने की चेन के साथ गिरफ्तार कर लिया। बरामदगी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भूदेव पुत्र राजेश कुमार, निवासी गली नंबर 29, नेहरू रोड, बड़ौत, उत्तर प्रदेश तथा करण पुत्र सतपाल, निवासी गली नंबर 8, मोहनपुरी, गोंडा चौक, थाना भजनपुरा, नई दिल्ली के रूप में हुई है।

पुलिस जांच में भूदेव का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ मेरठ के थाना ट्रांसपोर्ट नगर में हत्या के प्रयास एवं आर्म्स एक्ट तथा बड़ौत थाने में आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास से संबंधित मामले दर्ज हैं। पुलिस दोनों आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।

आरोपियों के कब्जे से एक सोने की चेन बरामद की गई है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी देवेन्द्र सिंह रावत, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुज सिंह, उपनिरीक्षक नरेन्द्र सिंह, अमित नौटियाल, पुष्कर सिंह चौहान, अपर उपनिरीक्षक मुन्ना नेगी तथा कांस्टेबल उमेद सिंह, सतेन्द्र रावत, भूपेन्द्र सिंह, विशन चौहान और जितेन्द्र राणा शामिल रहे। सर्विलांस टीम में इंस्पेक्टर नरेन्द्र सिंह बिष्ट और कांस्टेबल वसीम शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles