दून विश्वविद्यालय में पीएम गति शक्ति पर दो दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम संपन्न
देहरादून। दून विश्वविद्यालय में पीएम गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान पर दो दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम (CBP) का सफलतापूर्वक आयोजन एवं समापन किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों से आए सरकारी अधिकारियों ने भाग लेकर समेकित एवं सतत विकास रणनीतियों पर विचार-विमर्श किया।
यह कार्यक्रम सेंटर ऑफ एक्सीलेंस इन लॉजिस्टिक्स एंड सप्लाई चेन मैनेजमेंट तथा सेंटर फॉर पब्लिक पॉलिसी एंड गुड गवर्नेंस के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य संस्थागत क्षमता को मजबूत करना और डेटा-आधारित नियोजन को बढ़ावा देना था।
उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि प्रो. दुर्गेश पंत, कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल, प्रो. आर.पी. ममगैन, प्रो. एच.सी. पुरोहित एवं डॉ. मनोज कुमार पंत सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे। वक्ताओं ने समेकित अवसंरचना नियोजन, विज्ञान-प्रौद्योगिकी और नीति के समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत तकनीकी सत्रों और प्रायोगिक प्रशिक्षण का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों को नेशनल मास्टर प्लान पोर्टल का व्यावहारिक ज्ञान दिया गया। विशेषज्ञों द्वारा जियोस्पेशियल तकनीक, GIS और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर भी विस्तृत जानकारी साझा की गई।
समापन सत्र में कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने प्रतिभागियों को प्राप्त ज्ञान को शासन और नियोजन में लागू करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए और विशिष्ट योगदानकर्ताओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. सुधांशु जोशी के नेतृत्व की सराहना की गई। समन्वयन उत्तर्कर्षा गुप्ता एवं मुस्कान वर्मा तथा संचालन तनुजा जोशी द्वारा किया गया।

